शरबत बांट रहे थे बच्चे, तभी हुआ हादसा... लखनऊ में जुलूस के दौरान भरभराकर गिरी बालकनी, 2 बच्चों की मौत, 10 घायल

Lucknow Muharram Itaunja Balcony Collapse: लखनऊ के इटौंजा के महोना में मुहर्रम के जुलूस के दौरान बालकनी गिर गई। जुलूस में खाने-पीने की चीजे बांटते समय 2 नाबालिगों, अली (12) और अरमान (14) की मौत हो गई।
lucknow itaunja balcony collapse
लखनऊ में हादसे की जांच करती पुलिस (सौजन्य-एक्स)
Published on: 
Updated on: 

Lucknow Mahona Muharram Procession Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इटौंजा थाना क्षेत्र स्थित महोना कस्बे में शुक्रवार को मोहर्रम के जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मोहर्रम के जुलूस के दौरान वार्ड नंबर-2 में एक मकान का छज्जा अचानक ही गिर पड़ा। इस हादसे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

लखनऊ के महोना इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक बालकनी गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए। पुलिस ने तुरंत लोगों को मलबे से बाहर निकाला। हादसे के बाद त्योहार का माहौल मातम में बदल गया और इलाके में शोक का माहौल पसर गया।

नगर पार्षद अशफाक ने बताया कैसे हुआ हादसा

इस मामले में नगर पार्षद अशफाक ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, "मुहर्रम का जुलूस एक घर के पास से गुजर रहा था जहां खाना बांटा जा रहा था। बालकनी पर मौजूद लोग नीचे खड़े लोगों को खाना दे रहे थे। खाना लेने के लिए कुछ लोगों ने बालकनी को पकड़ा, जिससे बालकनी गिर गई और लोग उसके नीचे दब गए। डॉक्टरों ने दो लोगों अली और अरमान को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में आठ या नौ अन्य लोगों को अस्पताल भेजा गया।"

शरबत बांटते समय हुआ हादसा

डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने जांच के बाद बताया कि, "इटौंजा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले महोना इलाके में बालकनी गिरने की सूचना मिली। लखनऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के इलाज का इंतजाम किया।"

उन्होंने आगे बताया कि इस हादसे में दो लड़कों जिनमें 12 साल के अली और 14 साल के अरमान की मौत हो गई है। वे मुहर्रम के मौके पर बालकनी में खड़े होकर 'शरबत' बांट रहे थे, तभी ज्यादा वजन के कारण ढांचा गिर गया। लगभग 10 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com