चुनावी आहट के बीच जातीय समीकरण साधने की कवायद तेज, एत्मादपुर में स्थापित होगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा

Agra Bhagwan Parshuram Statue Announcement: परशुराम की प्रतिमा स्थापना धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने की पहल है। भगवान परशुराम के धर्म की रक्षा के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
Parashurama grand statue Installation
परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापना(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भाजपा नेता सीटू चौहान की घोषणा, ब्राह्मण समाज के साथ बैठक में तय होगा स्थापना स्थल

  • प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान का स्वागत, जमीन नहीं मिली तो निजी खर्च से खरीदेंगे भूमि

  • परशुराम की प्रतिमा स्थापना की घोषणा को ब्राह्मण समाज के बीच संवाद और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश

BJP leader Citu Chauhan Religious Initiatives: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की कवायद शुरू हो चुकी है। अलग-अलग वर्गों और समाजों के बीच राजनीतिक पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सियासी गतिविधि के बीच आगरा के एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की भाजपा नेता सीटू चौहान की घोषणा को भी राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने की पहल

फिरोजाबाद रोड स्थित राष्ट्रदीप पार्म गैलेक्सी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सीटू चौहान ने एत्मादपुर क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा स्थापना का विषय नहीं है, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने की पहल है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भगवान परशुराम के शौर्य, त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

Parashurama grand statue Installation
परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापना(सोर्स: सोशल मीडिया)

प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान अभी तय नहीं

सीटू चौहान ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के लिए जल्द ही ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में समाज के लोगों की राय और सहमति के आधार पर प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान तय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घोषणा केवल प्रेस वार्ता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

Parashurama grand statue Installation
अब भगवान परशुराम पुरी कहलाएगा जलालाबाद, योगी कैबिनेट का अहम फैसला, विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव!

भगवान परशुराम सनातन परंपरा के प्रतीक

उन्होंने कहा कि यदि ब्राह्मण समाज अथवा क्षेत्र का कोई व्यक्ति प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान करना चाहता है तो उसका स्वागत किया जाएगा। यदि भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो वह अपने निजी खर्च से जमीन खरीदेंगे। इसके बाद क्षेत्रवासियों के सहयोग से भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराकर विधिवत स्थापना कराई जाएगी।

भगवान महर्षि परशुराम को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, न्याय और धर्म की रक्षा करने तथा साहस और समर्पण की प्रेरणा देता है। क्षेत्र में उनकी प्रतिमा स्थापित होना गौरव का विषय होगा। उन्होंने समाज के लोगों से इस पहल में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।

धार्मिक पहल के साथ सियासी संदेश भी

राजनीतिक दृष्टि से देखें तो विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एत्मादपुर में इस तरह की पहल के कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक दलों और उनसे जुड़े नेताओं के लिए सामाजिक समूहों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाना रणनीति का हिस्सा बनता जा रहा है। ऐसे में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापना की घोषणा को ब्राह्मण समाज के बीच संवाद और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

हालांकि सीटू चौहान ने अपनी घोषणा को धार्मिक और सांस्कृतिक पहल बताया है, लेकिन चुनावी माहौल से पहले समाज आधारित कार्यक्रमों और प्रतीकात्मक पहलों की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा दे दी है। अब देखना होगा कि प्रतिमा स्थापना की घोषणा कितनी जल्दी जमीन पर उतरती है और इसके लिए होने वाली समाज की बैठक में क्या सहमति बनती है।

इस दौरान प्रमोद कुमार उपाध्याय (रामनगर, खंदौली), राकेश शर्मा, अविनाश सिकरवार, बसंत यादव, नवीन परमार, रवेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

Parashurama grand statue Installation
प्रयागराज के झूंसी में तेंदुए का तांडव: परशुराम अखाड़ा आश्रम और पूर्व चेयरमैन के घर में घुसा, CCTV में कैद हुई