अयोध्या में आज दीपोत्सव कार्यक्रम से पहले रामायण प्रसंगों को दर्शाती झांकियों ने बिखेरी छटा
इस शोभायात्रा और शाम को होने वाले दीपोत्सव में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां आए हुए हैं। दीपोत्सव कार्यक्रम में अपने प्रस्तुति देने के लिए यहां छह देशों के कलाकार भी पहुंचे हुए हैं।
- Written By: रीना पंवार
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
अयोध्या : छोटी दीपावली के मौके पर आज अयोध्या में भव्य दीपोत्सव समारोह के तहत झांकियों की एक शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान रामायण के प्रसंगों को दर्शाने वाली झांकियों ने राम पथ पर अपना जादू बिखेरा। इसमें देशभर के शास्त्रीय नर्तकों ने भी अपनी प्रस्तुति दी जिससे शोभायात्रा पर चार चांद लग गए। शोभायात्रा के राम पथ पर आगे बढ़ते ही स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े रहकर फूलों की वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया। इस खास मौके पर राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस शोभायात्रा में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां आए हुए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर से भी कई लोग आए हुए हैं। इसके साथ ही आज शाम को होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में अपने प्रस्तुति देने के लिए यहां छह देशों के कलाकार पहुंचे हुए हैं। इनमें म्यांमा, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकार शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- दीपोत्सव के लिए ऐसे सज रही है अयोध्या, आज से शुरू हो जाएगा 5 दिवसीय समारोह
सम्बंधित ख़बरें
पानी पर दौड़ेगी मेट्रो! देश के 18 शहरों के लिए मोदी सरकार ने बनाया बड़ा प्लान, ये शहर हैं शामिल
राम जी की बुआ कौन थीं? जानिए वो रहस्य जो रामायण में नहीं लिखा, लेकिन कहानियों में छुपा है
अयोध्या के राजघाट पर महायज्ञ के समापन पर भीषण आग, मची अफरा-तफरी, राहत बचाव कार्य जारी
अयोध्या में रामलला का तिलक करने आए सूर्यदेव…कुछ इस तरह मना श्रीराम जन्मोत्सव, देखें दिव्य VIDEO
शोभायात्रा में भाग लेने वाली जम्मू-कश्मीर की साक्षी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘हम अपने राज्य की संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।” जम्मू-कश्मीर के एक अन्य प्रतिभागी विशाल शर्मा ने कहा, ‘‘हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दीपोत्सव में भाग ले रहे है।”
दीपोत्सव को लेकर पूरे देश में उत्साह
राज्य की योगी सरकार की पहल पर आज शाम अयोध्या में सरयू के तट पर 28 लाख से ज्यादा दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड कायम करने की योजना है। यह दीपोत्सव खास इसलिए भी है क्योंकि इस साल जनवरी में भव्य राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव है। इस दीपोत्सव पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी रहेंगी। इसे लेकर अयोध्यावासियों समेत पूरे भारत के लोगों में भी उत्साह बना हुआ है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर देखा जा सकेगा।
विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए कसी कमर
आज शाम होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर अधिकारियों बताया कि उन्होंने स्थानीय कारीगरों से 28 लाख दीये मंगवाए हैं, ताकि अगर किसी कारण से 10 प्रतिशत दीये क्षतिग्रस्त भी हो जाएं तो भी 25 लाख दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। इस नये विश्व रिकॉर्ड को बनाने के लिए राम की पैड़ी तथा अन्य घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। घाट प्रभारी और समन्वयक दीयों को घाट पर व्यवस्थित तरीके से रख रहे स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
लाइव प्रसारण के लिए 40 LED
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में अयोध्या में यह आठवां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने घाटों पर पांच से छह हजार लोगों की मेजबानी की व्यवस्था की है। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए यहां 40 विशाल एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं ताकि अन्य लोग भी इस भव्य आयोजन के साक्षी बन सकें। इस दीपोत्सव का उद्देश्य धार्मिक नगरी के आध्यात्मिक, पारंपरिक और सांस्कृतिक सार को प्रदर्शित करना है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
