प्रयागराज में 33,703 करोड़ के निवेश पर लगी मोहर, 108 निवेशकों के एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

_UPGIS 2023
Published on: 
Updated on: 

प्रयागराज : योगी सरकार (Yogi Government) द्वारा प्रदेश में निवेशकों (Investors) को सूबे में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किए जा रहे भागीरथ प्रयासों के तहत आज संगम नगरी प्रयागराज (Prayagraj) में जनपद इन्वेस्टर्स समिट (Investors Summit) का आयोजन किया गया। निवेशकों ने इसमें विशेष रुचि जाहिर की है। समिट में 33,703 करोड़ के निवेश पर निवेशकों ने मोहर लगाई है। इससे जिले में रोजगार की वृहद संभावनाएं खुलेगी।

संगम नगरी में हुआ 33,703 करोड़ के निवेश पर लगी मोहर

धर्म नगरी प्रयागराज के औद्योगिक विकास और रोजगार के लिए आज का दिन इतिहास में एक बड़े कीर्तिमान के नाम दर्ज हो गया। आज प्रयागराज में 33,703 करोड़ के निवेश पर निवेशकों ने मोहर लगा दी है। योगी सरकार के प्रतिनिधि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की मौजूदगी में यह मोहर लगी है। जिले में 108 निवेशकों ने इसमें अपनी सहमति प्रदान की है।

निवेश से 17 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार 

इस निवेश से प्रयागराज में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। इस निवेश से 17,175 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रयागराज शहर के ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के हॉल में यह जनपद स्तरीय इन्वेस्टर समिट संपन्न हुआ। 

विभागों के अधिकारियों ने निवेशकों को दी सरकार की तरफ से दी जा रही सहूलियतों की जानकारी  

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों की तरफ से निवेशकों को दी जा रही सहूलियत और सब्सिडी की विस्तार से जानकारी दी। यूपीसीडा, एमएसएमई, कृषि, उद्यान और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने अपने अपने प्रेजेंटेशन यहां दिए। समिट में मुख्यमंत्री की तरफ से निवेशकों को संबोधित वीडियो संदेश भी साझा किया गया। निवेशकों ने भी उत्तर प्रदेश में विकास की संभावनाओं पर उत्साह दिखाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल के निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। निवेशकों ने दोहराया कि असीम संभावनाओं के उत्तर प्रदेश में देश, विदेश के साथ ही घरेलू निवेशकों का भी यूपी में निवेश के लिए विश्वास बढ़ा है। इसीलिए बड़ी संख्या में निवेशक स्वयं आगे आ रहे हैं और एमओयू साइन कर रहे है, उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार की असीम संभावनाएं हैं।