YouTube (Source. Freepik)
YouTube AI Feature: अगर आप भी यूट्यूब शॉर्ट्स बनाना चाहते हैं, लेकिन महंगे कैमरे, एडिटिंग सॉफ्टवेयर और नए आइडियाज की कमी आपको रोक देती है, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। गूगल के मालिकाना हक वाली कंपनी YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म पर दो नए AI फीचर्स की टेस्टिंग शुरू कर दी है, जो शॉर्ट्स बनाने के तरीके को पूरी तरह बदल सकते हैं। इन नए ‘Shorts Remix’ फीचर्स की मदद से अब आप किसी भी शॉर्ट वीडियो को नया रूप देकर बिल्कुल अलग और क्रिएटिव वीडियो बना सकेंगे।
यूट्यूब अपने ‘Shorts Remix’ मेन्यू में दो नए ऑप्शन जोड़ने जा रहा है, Reimagine और Add Object।
यह फीचर किसी भी शॉर्ट वीडियो के एक फ्रेम को उठाकर AI की मदद से उसे पूरी तरह नए वीडियो में बदल देगा। आपको सिर्फ एक प्रॉम्प्ट लिखना होगा और AI उस एक फोटो से पूरा वीडियो तैयार कर देगा। यानि अब एक तस्वीर से पूरी कहानी तैयार करना संभव होगा।
इस फीचर के जरिए आप किसी भी शॉर्ट वीडियो के 8 सेकंड के हिस्से में नया ऑब्जेक्ट जोड़ सकते हैं। बस टाइप कीजिए कि आपको क्या चाहिए और AI उसे वीडियो में फिट कर देगा। अब बिना भारी-भरकम एडिटिंग सॉफ्टवेयर के वीडियो को नया लुक देना आसान हो जाएगा।
यूजर किसी भी शॉर्ट्स का एक सीन या फ्रेम चुन सकेंगे। इसके बाद AI उस हिस्से को समझकर उसी से मिलता-जुलता, लेकिन बिल्कुल नया वीडियो बना देगा। अगर आप किसी डांस वीडियो का हिस्सा चुनते हैं, तो आप उसे अलग बैकग्राउंड, अलग मूड या अलग स्टाइल में तैयार कर सकते हैं। सिर्फ कुछ शब्द लिखकर AI को निर्देश देना होगा और काम हो जाएगा।
जिनके पास महंगे गैजेट्स या प्रोफेशनल एडिटिंग स्किल्स नहीं हैं, उनके लिए यह फीचर किसी वरदान से कम नहीं। अब सिर्फ अच्छे आइडिया के दम पर कई तरह के वीडियो तैयार किए जा सकेंगे। रोज शॉर्ट्स डालने वाले क्रिएटर्स के लिए यह समय और मेहनत दोनों बचाएगा।
ये भी पढ़े: 15 साल से कम बच्चों पर सोशल मीडिया बैन? जानिए किस देश ने लिए बड़ा फैसला
यूट्यूब ने साफ किया है कि ओरिजिनल वीडियो का गलत इस्तेमाल नहीं होगा। अगर किसी शॉर्ट्स से नया वीडियो बनाया जाएगा, तो उसका एसोसिएशन स्पष्ट दिखेगा, ताकि असली क्रिएटर को पहचान मिल सके। साथ ही, जो लोग अपना कंटेंट रीमिक्स नहीं करवाना चाहते, उनके लिए अलग ऑप्शन भी रहेगा।
फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग स्टेज में है और कुछ यूजर्स को ही उपलब्ध है। कंपनी धीरे-धीरे इसे सभी तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। टिकटॉक और इंस्टाग्राम रील्स जैसी प्लेटफॉर्म्स से मिल रही टक्कर के बीच YouTube खुद को आगे रखना चाहता है। यूट्यूब के सीईओ Neal Mohan पहले ही संकेत दे चुके हैं कि 2026 AI का साल होगा। अगर यह फीचर सफल रहा, तो शॉर्ट्स बनाने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है।