बलिया: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने सोमवार को जनपद बलिया (Baliya) के चेतन किशोर मैदान सिकन्दरपुर में सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए कुल 96 परियोजनाओं (लागत 125.74 करोड़ रुपए) का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री द्वारा 53.63 करोड़ रुपए की धनराशि 48 मार्गों का लोकार्पण और 64.41 करोड़ रुपए की लागत के 42 मार्गों का शिलान्यास किया गया इसके अलावा उन्होंने 7.70 करोड़ रुपए की लागत के के 6 सेतुओं का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय निवासियों को रोजगार और विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास की बहार वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आई है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। बहुत बड़ी संख्या में जहां प्रदेश में ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है ,वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों का भी निर्माण किया जा रहा है। लोगों के अपने गंतव्य स्थल पर आसानी से पहुंचने और विपणन सेवाओं के दृष्टिगत सड़कों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरे प्रदेश में किया गया हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का भी पूरा प्रयास सरकार द्वारा किया गया है और इसी कड़ी में डॉक्टर एपीजे कलाम गौरव पथ, मेजर ध्यानचंद विजयपथ और जय हिंद वीर पथ जैसी योजनाओं के तहत सड़कों का निर्माण किया गया है ।
उन्होंने कहा कि एपीजे और कलाम गौरव पथ का निर्माण कर प्रतिभाओं को सम्मानित करने और उन्हें प्रेरित करने का काम किया गया है यही नहीं, प्रदेश में हर्बल सड़कों के माध्यम से पर्यावरण की सुरक्षा एवं वातावरण को प्रदूषण मुक्त करने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोशल सेक्टर की सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समान रूप से दिया जा रहा है और किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गतिशीलता के साथ किया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद रविंद्र कुशवाहा, राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ,विधायक संजय यादव, विधायक धनंजय कनौजिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में नागरिक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।