ममता बनर्जी की नई पहल; घर तक राशन पहुंचाने की योजना की शुरू, 10 करोड़ लोगों को होगा फायदा
- Written By: किर्तेश ढोबले
File Photo
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने मंगलवार को ‘दुआरे राशन योजना’ का उद्घाटन (Inauguration) करते हुए कहा कि इससे राज्य के लगभग 10 करोड़ लोगों को लाभ होगा।
बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने राशन डीलर के लिए कमीशन 75 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति क्विंटल करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में योजना की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘इस ‘दुआरे राशन योजना’ से राज्य के 10 करोड़ लोगों को मदद मिलेगी। मैं सभी राशन डीलर से अनुरोध करूंगी कि इसे सफल बनाएं…कई राज्य पश्चिम बंगाल की योजनाओं का अनुकरण करने की कोशिश कर रहे हैं।”
बनर्जी ने इस साल मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव से पहले इस योजना की घोषणा की थी, जिसके तहत डीलर लाभार्थियों के घर तक राशन पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह से लोगों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर वाहन खरीदने के लिए लगभग 21,000 राशन डीलर को एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने राशन डीलर से योजना पर आपत्ति जताते हुए अदालत का रुख नहीं करने का अनुरोध किया। राशन विक्रेताओं के एक समूह ने योजना के खिलाफ कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया था लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
पीएम मोदी ने खाई झालमुरी तो ममता बनर्जी पहुंचीं सब्जी मंडी, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा VIDEO
बंगाल छोड़ देंगी ममता बनर्जी…बंगाल चुनाव पर सियासत तेज, हरियाणा के मंत्री ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
लोकतंत्र नहीं, आतंक राज! राहुल ने ममता को घेरा, TMC पर लगाया कांग्रेस नेता की हत्या का आरोप, बढ़ा सियासी पारा
बंगाल में ममता और सुवेंदु की रैलियों में भारी बवाल, शोर पर भड़कीं सीएम; बीच में छोड़ा भाषण, भिड़ गए कार्यकर्ता
कार्यक्रम में बनर्जी ने राज्य सरकार के खाद्य और आपूर्ति विभाग के लिए एक ‘वॉट्सऐप चैटबॉट’ और एक मोबाइल ऐप्लिकेशन, ‘खाद्य साथी: अमार राशन मोबाइल ऐप’ की शुरुआत भी की। इस ऐप के जरिए लोगों को राशन कार्ड के लिए आवेदन करने और इसे कैसे करना है, इसके बारे में जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। (एजेंसी)
