

Vinod Kambli Nidan Old Age Home: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली ने अपनी सेहत को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। सोशल मीडिया पर विनोद कांबली का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर फैंस थोड़े चिंतित भी दिखाई दे रहे है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है की वे एक ओल्ड एज होम में हैं। उनकी इस हालत को देखकर उनके फैंस के मन में उनकी सेहत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। हालांकि, वायरल वीडियो में वे यह कहते नजर आ रहै है कि वे काफी खुश है।
विनोद कांबली इस वीडियो में ओल्ड एज होम की तारीफ करते नजर आ रहे है। इसमें दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि मैं इस समय ठाणे के ओल्ड एज होम में हैं। विनोद कांबली ने बताया कि वे अभी 'निदान' में हैं।
कांबली ने वहां की सुविधाओं की तारीफ करते हुए कहा कि वहां के इंतजाम बहुत अच्छे हैं और साफ-सफाई व अन्य सभी चीजें बेहतरीन हैं। उन्होंने आगे कहा कि वहां रहने के दौरान उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं होता कि वे घर से दूर हैं, और उन्हें वहां के लोगों से बहुत प्यार और सम्मान मिल रहा है।
54 साल के विनोद कांबली का यह वीडियो इंटरनेट पर क्रिकेट फैन्स के बीच चिंता का विषय बन गया है। जहां कई लोग उनकी हालत को लेकर दुख जता रहे हैं, वहीं कुछ लोग उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे है।
गौरतलब है कि विनोद कांबली हाल के दिनों में बीमारी, आर्थिक तंगी और निजी जिंदगी से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे थे, जिसके कारण वे खबरों में बने रहें। इससे पहले भी उनके कुछ वीडियो वायरल हुए थे जिनमें वे बिना सहारे के चल पाने में असमर्थ दिखे थे। ऐसे दृश्यों ने भारतीय क्रिकेट फैन्स को बहुत दुखी किया था।
कुछ समय पहले खबर आई थी कि पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली की हालत पहले से बेहतर है, लेकिन दिमाग में मौजूद क्लॉट और कमजोर याददाश्त के कारण भविष्य में ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बना हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार कांबली के दिमाग में जमा क्लॉट अब भी मौजूद है, जिसे हटाना संभव नहीं है। इसी वजह से उन्हें ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बना हुआ है। उनकी याददाश्त भी काफी कमजोर हो चुकी है, हालांकि पिछले छह महीनों में इसमें ज्यादा गिरावट नहीं आई है।
विनोद कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट मैच खेले और लगभग 54 के शानदार औसत से 1,084 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल हैं। उनके नाम सबसे तेजी से 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी है।
हाल ही में यशस्वी जायसवाल इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंचे थे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। यशस्वी ने 16 पारियों में यह मुकाम हासिल किया और इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे। वनडे इंटरनेशनल (ODI) में, कांबली ने 104 मैच खेले और लगभग 32 के औसत से 2,477 रन बनाए, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।