पाकिस्तान के आबिद अली को संग्राम सिंह की खुली चुनौती, एशिया चैंपियन बनने को तैयार भारत का शेर
Sangram Singh: भारत के अपराजित MMA फाइटर संग्राम सिंह 19 जुलाई को मलेशिया में पाकिस्तान के आबिद अली से एशिया चैंपियन टाइटल मुकाबला लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारत का तिरंगा बुलंद करना है।
- Written By: अर्पित शुक्ला
संग्राम सिंह
Sangram Singh vs Abid Ali MMA: भारतीय रेसलिंग के दिग्गज और प्रोफेशनल MMA में अब तक अपराजित रहे संग्राम सिंह 19 जुलाई को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में पाकिस्तान के आबिद अली के खिलाफ एशिया चैंपियन टाइटल के लिए उतरेंगे। मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संग्राम ने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ एक फाइट नहीं, बल्कि देश का सम्मान बढ़ाने का अवसर है।
संग्राम सिंह ने कहा, “जब भी मैं केज में उतरता हूं तो सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि 145 करोड़ भारतीयों के लिए लड़ता हूं। भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा खास होता है। मैंने पूरी तैयारी की है और मेरा एकमात्र लक्ष्य भारत का तिरंगा सबसे ऊंचा लहराना है। फिटनेस, अनुशासन और मानसिक मजबूती किसी भी खिलाड़ी के सबसे बड़े हथियार हैं।”
प्रोफेशनल MMA में अब तक अपराजित
दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट रेसलिंग चैंपियन संग्राम सिंह ने प्रोफेशनल MMA में भी शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अब तक खेले तीनों मुकाबले जीते हैं। जॉर्जिया में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को 90 सेकंड में हराया। नीदरलैंड्स में ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेल्सी को मात दी। अर्जेंटीना में फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर को हराकर इतिहास रचा और वहां प्रोफेशनल MMA मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय बने।
सम्बंधित ख़बरें
IND vs ENG: 125 रन की हार के बाद टीम इंडिया के बचाव में उतरे गौतम गंभीर, बोले- एक मैच से टीम…
54वें जन्मदिन पर सौरव गांगुली को मिला खास तोहफा, बायोपिक का फर्स्ट लुक हुआ रिलीज बोले अब तक…
एमबाप्पे से माफी की मांग, नहीं माने तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी; पैराग्वे की सीनेटर का बड़ा बयान
FIFA World Cup 2026: पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को हराकर 72 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचा स्विट्जरलैंड
फिट इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े हैं
रिंग के बाहर भी संग्राम सिंह सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह फिट इंडिया अभियान के आइकन हैं और स्वच्छ भारत व विकसित भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय MMA अभियान को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का भी समर्थन प्राप्त है।
SAI अधिकारी ने की तारीफ
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव (IPS) ने कहा कि संग्राम सिंह अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि रेसलिंग से प्रोफेशनल MMA तक का उनका सफर देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और उन्हें उम्मीद है कि संग्राम इस चैंपियनशिप में भी भारत का नाम रोशन करेंगे।
40 की उम्र के बाद शुरू किया MMA करियर
संग्राम सिंह ने बताया कि जब उन्होंने 40 वर्ष की उम्र के बाद MMA में कदम रखा तो कई लोगों ने उनके फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा, “मैं यह साबित करना चाहता था कि जुनून की कोई उम्र नहीं होती। मेरा लक्ष्य सिर्फ खिताब जीतना नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेलों के प्रति प्रेरित करना भी है।”
कोच बोले- संग्राम पूरी तरह तैयार
संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उनके खिलाड़ी की रेसलिंग, स्ट्राइकिंग, फिटनेस और मानसिक मजबूती में जबरदस्त सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि टीम आबिद अली का सम्मान करती है, लेकिन संग्राम भारत के लिए एक और यादगार जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- दादा फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी! सौरव गांगुली को ICC ने दिया सबसे बड़ा सम्मान, जय शाह को कहा शुक्रिया
PMMA ने बताया बड़ा मुकाबला
PMMA मलेशिया के अध्यक्ष इस्माइल मरज़ुकी बिन ने कहा कि एशिया चैंपियन टाइटल मुकाबला एशियाई MMA के भविष्य का प्रतीक है। वहीं CEO मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला ने कहा कि यह प्रतियोगिता भविष्य में एशिया की सबसे प्रतिष्ठित MMA चैंपियनशिप में शामिल हो सकती है।
