बोपन्ना-एबडेन की जोड़ी ने किया कमाल, अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे

भारत के रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन ने नीदरलैंड के सैंडर अरेंड्स और रॉबिन हास को सीधे सेटों में हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन अमेरिकी ओपन पुरुष युगल के दूसरे दौर में
रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

न्यूयॉर्क: अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत के रोहन बोपन्ना अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन के साथ शानदार खेल खेलते हुए पुरुष डबल के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने नीदरलैंड के सैंडर अरेंड्स और रॉबिन हास को सीधे सेटों में हराया है। यह मैच रात को 64 मिनट तक चला था।

बोपन्ना और एबडेन शुरुआती दौर के मुकाबले में 6-3, 7-5 से से जीत दर्ज की। भारत और ऑस्ट्रेलिया की यह जोड़ी पिछले तीन मैच में हार के बाद अमेरिकी ओपन में उतरी थी लेकिन यहां उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।

बोपन्ना और एबडेन को शुरू में संघर्ष करना पड़ा और तीसरे गेम में उन्होंने अपनी सर्विस गंवा दी। उन्होंने हालांकि जल्द ही वापसी कर दी तथा नीदरलैंड की जोड़ी की दो बार सर्विस तोड़कर लगातार चार गेम जीते।

दूसरे सेट में भी उन्हें इसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा। बोपन्ना और एबडेन शुरू में पीछे चल रहे थे लेकिन वे स्कोर 5-5 से बराबर करने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड की जोड़ी की एक बार और सर्विस तोड़कर मैच अपने नाम किया।

मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन और यहां दूसरी वरीयता प्राप्त बोपन्ना और एबडेन दूसरे दौर में स्पेन के रॉबर्टो कारबालेस बेना और अर्जेंटीना के फेडेरिको कोरिया की गैरवरीय जोड़ी से भिड़ेंगे।

वहीं विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर और इगा स्वियातेक ने आसान जीत के साथ अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बनाई लेकिन पूर्व चैंपियन नाओमी ओसाका और कार्लोस अल्कराज को बाहर का रास्ता देखना पड़ा।

पांचवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव और दसवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर भी तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। मिनौर का अगला मुकाबला डैन इवांस से होगा।

महिला वर्ग में जेसिका पेगुला, अन्ना कलिंस्काया, ल्यूडमिला सैमसोनोवा और डायना श्नाइडर भी तीसरे दौर में पहुंचने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com