

PV Sindu Lost To Wang Zhi In Round Of 16: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में सफर गुरुवार को खत्म हो गया। महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ-16 में चीन की वर्ल्ड नंबर-3 खिलाड़ी वांग झी यी ने सिंधु को 21-11, 15-21, 21-17 से हराया। इस हार के साथ सिंधु चैंपियनशिप में अपना रिकॉर्ड छठा मेडल जीतने से भी चूक गईं।
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु के लिए ये हार इसलिए भी खास रही, क्योंकि वर्ल्ड चैंपियनशिप में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ उनका अब तक शानदार रिकॉर्ड था। सिंधु ने इस टूर्नामेंट में चीन की खिलाड़ियों को पहले 8 बार हराया था, लेकिन वांग झी यी उन्हें इस मंच पर हराने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बन गईं।
पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही लंबी रैलियां खेलीं। दोनों आसान गलतियों से बचने की कोशिश कर रही थीं। वांग ने सिंधु को फ्रंट कोर्ट पर दौड़ाकर दबाव बनाने की कोशिश की, जबकि सिंधु ने उन्हें अटैक करने के ज्यादा मौके नहीं दिए।
इंटरवल तक वांग 11-8 से आगे थीं। इसके बाद सिंधु ने बिना दबाव के कुछ गलतियां कीं और कई शॉट का गलत अंदाजा लगाया। वांग ने इसका फायदा उठाया और सटीक ड्रॉप शॉट्स व आक्रामक स्ट्रोक्स की मदद से पहला गेम 21-11 से जीत लिया।
घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच सिंधु ने दूसरे गेम में अपनी रणनीति बदली। उन्होंने ज्यादा धैर्य के साथ खेलते हुए शुरुआत में ही 4 अंकों की बढ़त बना ली। वांग इस गेम में पहले जैसी लय नहीं बना पा रही थीं।
वांग ने सिंधु को लंबी रैलियों में फंसाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने बेहतरीन ड्रिबल और ड्रॉप शॉट्स से इसका जवाब दिया। एक समय वांग ने स्कोर 15-15 से बराबर कर दिया, लेकिन इसके बाद सिंधु ने लगातार 6 अंक जीतकर गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया और मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में सिंधु ने फिर शानदार शुरुआत की। वो पहले 3-0 और फिर 8-4 से आगे हो गईं। हालांकि, वांग ने हार नहीं मानी। सिंधु की लगातार तीन गलतियों का फायदा उठाकर उन्होंने वापसी की। इसके बावजूद इंटरवल तक सिंधु 11-10 से आगे थीं।
इसके बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। स्कोर 16-16 था, तभी वांग कोर्ट पर बुरी तरह गिर गईं और उन्हें मेडिकल टाइम-आउट लेना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने के बाद सिंधु अपना संयम बनाए नहीं रख सकीं और लगातार चार गलतियां कर बैठीं। इसका फायदा वांग को मिला और उन्हें मैच प्वाइंट मिल गया। इसके बाद चीनी खिलाड़ी ने सटीक ड्रॉप शॉट लगाकर मैच खत्म कर दिया। वांग ने तीसरा गेम 21-17 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
पीवी सिंधु ने माना कि इतनी मेहनत और लंबे समय तक ट्रेनिंग करने के बाद इस तरह का मैच हारना बेहद दुखद है। हालांकि, उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है और ऐसी हार से खिलाड़ी और मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि अब जो हो गया, उसे पीछे छोड़कर आगे की तैयारी करने का समय है। सिंधु के मुताबिक, ऐसे मुकाबलों में हुई गलतियों से सीख लेकर वापसी करना जरूरी है।
सिंधु ने ये भी कहा कि उन्होंने मैच जीतने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंत में जीत किसी एक खिलाड़ी की ही होती है। उन्हें लगा कि लंबी रैलियों में उन्होंने अच्छा खेला, लेकिन शायद निर्णायक मौकों पर थोड़ा और धैर्य रखना उनके लिए फायदेमंद होता। इस हार के साथ सिंधु का वर्ल्ड चैंपियनशिप में छठा मेडल जीतने का सपना टूट गया, जबकि वांग झी यी अब टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं।