BWF World Championship: पीवी सिंधु का शानदार सफर जारी, झांग वेन यू को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

BWF World Championship 2026: पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने झांग वेन यू को 21-16, 21-17 से हरा दिया।
PV Sindhu advanced to the pre-quarterfinals of the BWF World Championships 2026.
पीवी सिंधु (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

PV Sindhu Reaches Pre-Quaterfinals: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 9वीं वरीयता प्राप्त सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराया। सिंधु ने यह मुकाबला सिर्फ 34 मिनट में अपने नाम किया।

पहले गेम में सिंधु ने दिखाया दबदबा

सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और लगातार चार अंक हासिल कर शुरुआती बढ़त बना ली। हालांकि, झांग वेन यू ने जल्द ही वापसी की और स्कोर को सिंधु के करीब बनाए रखा। कनाडाई खिलाड़ी लगातार दबाव बनाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन सिंधु ने अहम मौकों पर धैर्य दिखाया। भारतीय खिलाड़ी 11-9 की बढ़त के साथ इंटरवल में पहुंचीं।

ब्रेक के बाद भी झांग ने चुनौती बनाए रखी, लेकिन गेम के आखिरी हिस्से में सिंधु ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। 19-15 के बाद सिंधु ने बेहतर खेल दिखाया और करीब 16 मिनट में पहला गेम 21-16 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भी कड़ा मुकाबला

दूसरे गेम में झांग वेन यू ने सिंधु को आसानी से बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और स्कोर 9-9 से बराबर रहा। इसके बाद झांग ने लगातार अंक हासिल किए और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। सिंधु पर वापसी का दबाव था, लेकिन अनुभवी भारतीय खिलाड़ी ने ब्रेक के बाद शानदार पलटवार किया।

पीवी सिंधु ने लगातार पांच अंक जीतकर मैच का रुख बदल दिया और फिर अपनी बढ़त बनाए रखी। झांग ने आखिरी तक संघर्ष किया, लेकिन सिंधु ने निर्णायक मौकों पर कोई बड़ी गलती नहीं की। उन्होंने दूसरा गेम 21-17 से जीतकर 34 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

चीन की वांग जी यी से होगा मुकाबला

इस जीत के साथ सिंधु टूर्नामेंट के अंतिम 16 में पहुंच गई हैं। अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त वांग जी यी से होगा। वांग जी यी ने अपने पिछले मुकाबले में मलेशिया की करुपाथेवन लेतशाना को सीधे गेमों में 21-16, 21-9 से हराया है।

वांग जी यी के खिलाफ मुकाबला सिंधु के लिए आसान नहीं होगा, लेकिन झांग वेन यू के खिलाफ सीधे गेमों में मिली जीत से उनका आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा। अब सिंधु की नजर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने और पदक की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com