

Dale Steyn on Sunrisers Hyderabad: साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली जीत सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस सीजन टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकती है। स्टेन ने कहा कि इस जीत के बाद एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में ऊपर की तरफ बढ़ सकती है।
डेल स्टेन ने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "सीएसके के खिलाफ एसआरएच की यह जीत दिखाती है कि सीजन की धीमी शुरुआत के बाद वे अब अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आए हैं। पारी के बीच के ब्रेक के दौरान मैं हेनरिक क्लासेन से बात कर रहा था और उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें लगा कि सनराइजर्स हैदराबाद शायद उस स्कोर से 10 या 15 रन पीछे रह गए हैं जहां उन्हें होना चाहिए था। क्लासेन ने कहा कि जीत हासिल करने के लिए गेंदबाज़ों को जबरदस्त प्रदर्शन करना होगा। एसआरएच ने मैदान पर जाकर ठीक वैसा ही किया। आप देख सकते थे कि उन्होंने फील्डिंग में कड़ी मेहनत की। उन्होंने मुश्किल कैच पकड़े। वे अपने मकसद के लिए पूरी तरह समर्पित नजर आए।"
स्टेन ने आगे कहा, "जब अंत में एसआरएच की टीम जीत गई, तो हेनरिक क्लासेन लॉन्ग-ऑफ पर फील्डिंग कर रहे थे। वह दर्शकों की ओर मुड़े, अपनी छाती थपथपाई और एसआरएच का बैज दिखाते हुए कहा, 'हमारा साथ देने के लिए धन्यवाद, हम फिर से मुकाबले में वापस आ गए हैं।' यह जीत अब उनके लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकती है, जहां से वे प्वाइंट्स टेबल में लगातार ऊपर की ओर बढ़ते जाएंगे।"
चेन्नई के खिलाफ मिली जीत के साथ ही हैदराबाद ने प्वाइंट्स टेबल में टॉप-4 में अपनी जगह बना ली है। सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में शनिवार को सीएसके को 10 रनों से हराया। यह एसआरएच की इस सीजन की तीसरी जीत है। सीएसके के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 194 रन लगाए।
टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक और ट्रेविस हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों में 59 रन बनाए। क्लासेन ने नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा और अनिकेत वर्मा के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारियां निभाईं, जिसके दम पर एसआरएच आईपीएल में सीएसके के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।
एसआरएच से मिले 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से मैथ्यू शॉर्ट ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि आयुष म्हात्रे ने 13 गेंदों में 30 रनों की बढ़िया पारी खेली। वहीं, सरफराज खान ने 19 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया। शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 21 रन बनाए। एसआरएच की ओर से गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट अपने नाम किए।