6 घंटे की जंग में प्रज्ञानानंद की बाजी, वर्ल्ड चैंपियनशिप चैलेंजर सिंडारोव को हराकर सिंकफील्ड कप में दिखाया दम

Sinquefield Cup 2026: सिंकफील्ड कप 2026 के दूसरे राउंड में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने 6 घंटे चले कड़े मुकाबले में जावोखिर सिंडारोव को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
Praggnanandhaa triumphs in a six-hour battle, creating a sensation at the Sinquefield Cup
आर. प्रज्ञानानंद और जावोखिर सिंडारोव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

R. Praggnanandhaa Beats Javokhir Sindarov: भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सिंकफील्ड कप 2026 में शानदार जीत दर्ज की है। टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप के चैलेंजर जावोखिर सिंडारोव को हरा दिया। करीब छह घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने 95 चालों के बाद बाजी अपने नाम की। इस जीत के साथ उन्होंने सिंकफील्ड कप में अपना खाता जीत के साथ खोला और खिताब की दौड़ को और रोमांचक बना दिया।

पहले राउंड में खेला ड्रॉ

प्रज्ञानानंद ने टूर्नामेंट के पहले राउंड में अमेरिका के सैम सेवियन के खिलाफ ड्रॉ खेला था। इस नतीजे से उन्हें आधा अंक मिला था। दूसरे राउंड में सिंडारोव के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद उनके कुल 1.5 अंक हो गए हैं। इसके साथ ही वो चार अन्य खिलाड़ियों के साथ लीडर ग्रुप में शामिल हो गए हैं। यानी दो राउंड के बाद टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान के लिए मुकाबला काफी कड़ा हो गया है।

कड़े मुकाबले से हुई शुरुआत

प्रज्ञानानंद और सिंडारोव के बीच मुकाबला काफी लंबा चला। शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खेल आगे बढ़ने के साथ प्रज्ञानानंद ने रूक और नाइट वाले एंडगेम में सिंडारोव पर दबाव बनाना शुरू किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कई एक्सचेंज हुए और 46वीं चाल के बाद बोर्ड पर रूक और नाइट के साथ प्यादों की स्थिति बन गई।

इस स्थिति में प्रज्ञानानंद लगातार बेहतर स्थिति हासिल करने की कोशिश करते रहे। सिंडारोव ने भी लंबे समय तक भारतीय ग्रैंडमास्टर को कड़ी चुनौती दी, लेकिन 82वीं चाल पर उनसे एक बड़ी गलती हो गई। प्रज्ञानानंद ने इस मौके को तुरंत भुनाया और अपनी बढ़त को जीत में बदलने की दिशा में आगे बढ़ गए। आखिरकार 95वीं चाल पर सिंडारोव को हार स्वीकार करनी पड़ी।

प्रज्ञानानंद की ये जीत क्यों है खास?

20 साल के प्रज्ञानानंद के लिए ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि सिंडारोव को मौजूदा दौर के मजबूत खिलाड़ियों में गिना जाता है और वो वर्ल्ड चैंपियनशिप की चुनौती देने की दौड़ में भी रहे हैं। इस जीत ने प्रज्ञानानंद को सिंकफील्ड कप के खिताब की दौड़ में मजबूत स्थिति में ला दिया है।

टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में प्रज्ञानानंद की जीत के अलावा तीन और बड़े नतीजे देखने को मिले। लेवोन एरोनियन ने विंसेंट कीमर को हराया। वहीं मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव यानी एमवीएल ने सैम सेवियन को मात दी। वेस्ली सो ने भी जॉर्डन वैन फॉरेस्ट के खिलाफ जीत दर्ज की। इन नतीजों के कारण लीडरबोर्ड पर खिलाड़ियों के बीच अंतर काफी कम है।

हर मुकाबला होगा अहम

दो राउंड के बाद पांच खिलाड़ी 1.5/2 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं। ऐसे में सिंकफील्ड कप 2026 में खिताबी लड़ाई अभी से काफी दिलचस्प हो गई है। प्रज्ञानानंद के लिए भी अब हर मुकाबला अहम होगा, क्योंकि वो शुरुआती दो राउंड के बाद लीडर ग्रुप में जगह बना चुके हैं।

अब आर. प्रज्ञानानंद की नजर तीसरे राउंड पर होगी, जहां उनका सामना विंसेंट कीमर से होगा। ये मुकाबला बुधवार रात भारतीय समयानुसार 10:30 बजे शुरू होगा। कीमर के खिलाफ भी प्रज्ञानानंद अपनी जीत की लय को जारी रखना चाहेंगे।

Praggnanandhaa triumphs in a six-hour battle, creating a sensation at the Sinquefield Cup
हार्दिक पांड्या को चाहिए कप्तानी की कुर्सी!गुजरात टाइटंस ने क्यों ठुकराई वापसी, जानिए पूरा मामला

अच्छे फॉर्म में चल रहें है प्रज्ञानानंद

प्रज्ञानानंद हाल के समय में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2026 सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज में ब्लिट्ज खिताब भी अपने नाम किया था। ये ग्रैंड चेस टूर के पहले यूएस लेग का हिस्सा था। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने रैपिड सेक्शन में 18 में से 12 अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्होंने ब्लिट्ज में भी ओवरऑल खिताब अपने नाम किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com