Hardik Pandya (Photo Source: Social Media)
Mumbai Indians: आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। कृष्णमाचारी श्रीकांत ने बड़ा बयान देते हुए हार्दिक पंड्या को कप्तानी छोड़ने और सूर्यकुमार यादव को जिम्मेदारी देने की सलाह दी है।
आईपीएल 2024 में हार्दिक पंड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर मुंबई इंडियंस में शामिल किया गया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें सीधे कप्तान बना दिया और रोहित शर्मा से कप्तानी ले ली गई। इस फैसले ने फैंस के बीच काफी नाराजगी पैदा की और सोशल मीडिया पर भी इसका विरोध देखने को मिला।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस 10वें स्थान पर रही, जबकि आईपीएल 2025 में टीम ने वापसी करते हुए चौथे स्थान तक सफर तय किया। हालांकि लगातार दबाव और उम्मीदों के बीच टीम स्थिर प्रदर्शन नहीं कर पाई।
श्रीकांत का मानना है कि टीम में पहले से अनुभवी और वर्ल्ड कप जीत चुके कप्तान मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हार्दिक को बड़ा दिल दिखाते हुए कप्तानी छोड़ देनी चाहिए। उनके मुताबिक, हार्दिक ने खुद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीता है, ऐसे में उन्हें टीम हित में फैसला लेना चाहिए और सूर्या को नेतृत्व सौंपना चाहिए।
हाल ही में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम को खिताब जिताया, जिसके बाद उनकी कप्तानी की खूब तारीफ हुई। उनकी आक्रामक रणनीति, मैदान पर तेज फैसले लेने की क्षमता और खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल उन्हें एक मजबूत कप्तान बनाती है।
हार्दिक पंड्या पर लगातार दबाव बना हुआ है। बड़ी कीमत, कप्तानी की जिम्मेदारी और टीम के प्रदर्शन का बोझ उन पर साफ नजर आता है। ऐसे में जब टीम में एक सफल कप्तान विकल्प के रूप में मौजूद है, तो यह बहस और तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें: ‘मैं सोशल मीडिया का पंचिग बैग…,’ क्या ऋषभ पंत छोड रहे हैं LSG? मालिक संजीव गोयनका का ये बयान चर्चा में
मुंबई इंडियंस 29 मार्च को केकेआर के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद टीम दिल्ली, राजस्थान और चेन्नई से भिड़ेगी। 28 मार्च से शुरू हो रहे इस सीजन में मुंबई की नजर शानदार शुरुआत पर रहेगी।