इस वजह से गुजरात को हराने में हम सफल रहे : संदीप शर्मा
संदीप (Sandeep Sharma) ने कसी गेंदबाजी की और अपने चार ओवर में केवल 17 रन दिये।
- Written By: काजल चोपड़े
नवी मुंबई: पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा (Sandeep Sharma) ने कहा कि डीवाई पाटिल के विकेट से उनके गेंदबाजों को शुरू में मदद मिली जिससे उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) मैच में गुजरात टाइटन्स (Gujarat Titans) को आठ विकेट से हराने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने चार विकेट झटके, जिससे पंजाब ने गुजरात को आठ विकेट पर 143 रन पर रोक दिया। इसके बाद पंजाब ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के नाबाद 62 रन की मदद से 24 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर दिया।
संदीप (Sandeep Sharma) ने कसी गेंदबाजी की और अपने चार ओवर में केवल 17 रन दिये। उन्होंने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा ‘‘आज विकेट ने भी हमारी मदद की। शुरुआत में उसमें नयी गेंद को ‘मूवमेंट’ मिल रहा था।”
संदीप(Sandeep Sharma) ने कहा, “हम उस रणनीति पर अमल करना चाहते थे, जिस पर हमने (मुख्य कोच) अनिल (कुंबले) सर के साथ चर्चा की थी और हम भाग्यशाली थे कि हम इसमें सफल रहे।” इस जीत से पंजाब की टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गयी है और संदीप के अनुसार उनकी टीम एक बार में एक ही मैच पर ध्यान दे रही है।
सम्बंधित ख़बरें
ICC T20 रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: अभिषेक शर्मा को पछाड़कर नंबर वन बने ईशान किशन, बुमराह व गिल का भी जलवा
बारिश में धूल गया इंडिया vs इंग्लैंड T20 सीरीज का पहला मुकाबला, अभिषेक-अय्यर की मेहनत पर फिरा पानी!
खिलाड़ियों को भारतीय रेलवे की बड़ी सौगात, अब ट्रेनों में आसानी से ले जा सकेंगे भारी खेल उपकरण
Asian Games 2026: टीम इंडिया में चंडीगढ़ की इस जांबाज खिलाड़ी की एंट्री, भारत को करेगी रिप्रेजेंट!
उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे लिये सभी मैच बेहद महत्वपूर्ण हैं लेकिन एक बार में एक मैच पर ध्यान देना अधिक महत्वपूर्ण है। जिस तरह से हम इस मैच में सकारात्मक मानसिकता के साथ उतरे वैसे ही अगले मैच में भी उतरेंगे।” इस बीच गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि नियमित अंतराल में विकेट गंवाने और ओस के प्रभाव के कारण उनकी टीम को हार मिली।
मिलर ने कहा, ‘‘जब आप नियमित अंतराल में विकेट गंवाते हो तो मुश्किल बढ़ जाती है। शुरुआती 10 ओवरों में हम पर दबाव बन गया था। हमने पर्याप्त रन नहीं बनाये थे। ” उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा ओस काफी पड़ रही थी। गीली गेंद से गेंदबाजी करना आसान नहीं था। इसलिए इस स्कोर का बचाव करना बेहद चुनौतीपूर्ण था।” (एजेंसी)
