भारत पहली बार खेलेगा ब्राजील से मुकाबला, 3 अक्टूबर को कोलकाता में होगा ऐतिहासिक फुटबॉल मैच
India vs Brazil: भारतीय फुटबॉल इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में 5 बार की चैंपियन ब्राजील से ऐतिहासिक मुकाबला खेलेगी।
- Written By: सृष्टि मौर्य
भारत बनाम ब्राजील (सोर्स- सोशल मीडिया)
India vs Brazil Historic Football Match In Kolkata: भारतीय फुटबॉल के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय टीम का सामना पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से होगा। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) और ब्राजील फुटबॉल महासंघ ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। ये अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाएगा। मौजूदा फीफा रैंकिंग में पांचवें स्थान पर मौजूद ब्राजील, 138वें स्थान पर काबिज भारत का अब तक का सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी होगा। ब्राजील पहली बार भारतीय जमीन पर कोई मैच खेलेगा।
भारतीय प्रशंसकों से जुड़ने के लिए उत्साहित
ब्राजील फुटबॉल महासंघ ने कहा, ‘3 अक्टूबर को ब्राजील की राष्ट्रीय टीम पहली बार भारत की धरती पर उतरेगी। ये एक खास मुकाबला होगा, क्योंकि भारत में ब्राजील फुटबॉल के सबसे ज्यादा प्रशंसक हैं। हम भारतीय प्रशंसकों के साथ इस पल को जीने के लिए उत्साहित हैं।’ वहीं एआईएफएफ ने इसे ‘इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला दिन’ बताया।
नेमार जूनियर ने छोड़ी राष्ट्रीय टीम
ब्राजील की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 और 29 सितंबर को दो अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने के बाद भारत पहुंचेगी। टीम के साथ मुख्य कोच कार्लो एंचेलोटी भी होंगे। हालांकि दिग्गज खिलाड़ी नेमार जूनियर अब राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन विनीसियस जूनियर, कप्तान मार्किन्योस जैसे बड़े सितारों के खेलने की संभावना है। हाल ही में एंचेलोटी ने कहा था कि वह टीम में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं और नेमार, कासेमिरो तथा डेनिलो के बाद नए खिलाड़ियों पर भरोसा करेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने रचा इतिहास, गेम्स रिकॉर्ड के साथ भारत की झोली में आया रजत पदक; 1 किलो से चूके गोल्ड
CWG 2026: भारत की सीमा कालिरामना ने रचा कमाल, डिस्कस थ्रो में जीता कांस्य पदक; निधि रानी चौथे स्थान पर रहीं
ICC Men’s Cricket World Cup 2027: 24 साल बाद अफ्रीका लौटेगा वनडे विश्व कप, 12 मेजबान शहरों का ऐलान
क्रिकेट से रिटायरमेंट के समय मराठी बोलते-बोलते रो पड़े अजिंक्य रहाणे, देखें इमोशनल VIDEO
इंडियन सुपर लीग क्लब से होगी चर्चा
एआईएफएफ के अनुसार, भारत की टीम के अभ्यास कार्यक्रम और फीफा आसियान कप की तैयारियों को लेकर इंडियन सुपर लीग क्लबों के साथ चर्चा की जाएगी। इंडियन सुपर लीग का नया सत्र 4 सितंबर से शुरू होना था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए इसके स्थगित होने की संभावना है। एआईएफएफ के अधिकारियों ने ये भी बताया कि ब्राजील की टीम के कम से कम एक या दो अभ्यास सत्र दर्शकों के लिए खुले रखने की कोशिश की जा रही है।
भारत के लिए ऐतिहासिक पल
एआईएफएफ के उप महासचिव सत्यनारायण मुथ्यालु ने इसे भारतीय फुटबॉल के लिए ‘ऐतिहासिक पल’ बताया। वहीं भारतीय टीम के पूर्व गोलकीपर और राष्ट्रीय टीम निदेशक सुभ्रत पॉल ने कहा कि ‘ऐसे मुकाबले खिलाड़ियों को खुद को बेहतर बनाने का मौका देते हैं।’
यह भी पढ़ें- CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने रचा इतिहास, गेम्स रिकॉर्ड के साथ भारत की झोली में आया रजत पदक; 1 किलो से चूके गोल्ड
भारत में पहला अंतरराष्ट्रीय मैच
कोलकाता और ब्राजील फुटबॉल का रिश्ता पुराना रहा है। वर्ष 1977 में महान खिलाड़ी पेले अपनी क्लब न्यूयॉर्क कॉसमॉस के साथ मोहम्मडन मैदान तत्कालीन प्रदर्शन मैच खेलने भारत आए थे। बाद में 2015 में भी पेले कोलकाता पहुंचे थे, लेकिन ये पहली बार होगा जब ब्राजील की राष्ट्रीय टीम भारत में आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। यही साल्ट लेक स्टेडियम वो मैदान है, जहां 2011 में लियोनेल मेसी ने पहली बार अर्जेंटीना की कप्तानी करते हुए वेनेजुएला के खिलाफ मुकाबला खेला था।
