भारत में होंगे एशियन गेम्स? ओलंपिक की दावेदारी के बीच सरकार ने एक और बड़े टूर्नामेंट के लिए भरा दम

Asian Games: 2038 एशियन गेम्स की मेजबानी को लेकर अभी फैसला बाकी है, लेकिन भारत ने बड़ा कदम उठाते हुए इसके आयोजन के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जमा कर दिया है। 
After the Olympics, India now sets its sights on hosting the Asian Games; IOA submits 'Expression of Interest'.
एशियन गेम्स
Published on
Updated on

Asian Games 2038: साल 2038 में होने वाले एशियन गेम्स को लेकर भारत ने बड़ा कदम उठाते हुए इसकी मेजबानी करने की इच्छा जाहिर कर दी है। देश पहले ही 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स को अहमदाबाद में आयोजित करने की तैयारी कर रहा है, वहीं 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में अब भारत ने एशियन गेम्स 2038 के लिए भी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आधिकारिक रूप से जमा कर दिया है, जिससे यह साफ हो गया है कि देश बड़े मल्टी-स्पोर्ट इवेंट्स की मेजबानी के लिए गंभीर है।

आईओए अधिकारी ने दी अहम जानकारी

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी को लेकर अपनी इच्छा एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) को सौंप दी है। इस संबंध में ओसीए की कार्यकारी बोर्ड बैठक 21 अप्रैल को चीन के सान्या शहर में आयोजित की गई, जिसमें भारत के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसी दौरान 22 अप्रैल से एशियन बीच गेम्स का आयोजन भी शुरू हुआ। आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर ने 24 अप्रैल को बताया, "हमने एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जमा कर दिया है और ओसीए ने इस पर अपनी बैठक में विचार किया है।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर भारत को मेजबानी मिलती है, तो इसका आयोजन अहमदाबाद में किया जा सकता है।

भारत को पहले भी मिल चुकी है मेजबानी

भारत को एशियन गेम्स की मेजबानी पहले भी दो बार मिल चुकी है। पहली बार 1951 में और दूसरी बार 1982 में, दोनों ही बार नई दिल्ली ने इस बड़े आयोजन की जिम्मेदारी निभाई थी। 1982 के बाद से भारत को दोबारा इस आयोजन की मेजबानी का मौका नहीं मिला है, ऐसे में 2038 के लिए किया गया यह प्रयास काफी अहम माना जा रहा है।

अन्य देशों से मिल सकती है कड़ी टक्कर

एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी के लिए भारत को अन्य देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण कोरिया और मंगोलिया जैसे देश भी इस रेस में शामिल हो सकते हैं, हालांकि उन्होंने अब तक अपनी आधिकारिक रुचि नहीं जताई है।

एशियन गेम्स में आमतौर पर 45 देशों के 10 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जिससे यह आयोजन एशिया का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ माना जाता है। आने वाले वर्षों की बात करें तो 2026 में एशियन गेम्स का आयोजन जापान के आइची-नागोया में होगा, जबकि 2030 में रियाद और 2034 में दोहा इसकी मेजबानी करेंगे। ऐसे में 2038 के लिए भारत की दावेदारी खेल जगत में एक बड़ी खबर बनकर उभरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com