Olympics 2036 : ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार हो रहा अहमदाबाद, 10 बड़े स्टेडियम तैयार करने की योजना
Olympics 2036: केन्द्रीय ग्रह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद के सरदार पटेल खेल परिसर में 10 बड़े स्टेडियम बनाए जाएंगे, 2036 की ओलंपिक मेजबानी के लिए भारत तैयार रहेगा।
- Written By: सौरभ शर्मा
2036 की ओलंपिक मेजबानी के लिए भारत तैयार
अहमदाबाद : भारत ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के अपने संकल्प को और मजबूत कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में 316.82 करोड़ रुपये के ‘पैरा हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ की आधारशिला रखते हुए इस दिशा में अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के सरदार पटेल खेल परिसर में 10 बड़े स्टेडियम बनाए जाएंगे, जो ओलंपिक आयोजन की तैयारी का हिस्सा होंगे। शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गुजरात ने ओलंपिक की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है।
अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद का सरदार पटेल खेल परिसर भारत के ओलंपिक सपने को साकार करने का केंद्र बनेगा। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के पास 10 अत्याधुनिक स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा, जहां ओलंपिक खेलों के आयोजन की पूरी तैयारी होगी। यह परियोजना भारत को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दिव्यांग एथलीटों के लिए पैरा हाई परफॉर्मेंस सेंटर
शाह ने बताया कि गांधीनगर में बनने वाला पैरा हाई परफॉर्मेंस सेंटर दिव्यांग एथलीटों के लिए विश्व स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पहले दिव्यांगों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ‘दिव्यांग’ कहकर आत्मसम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया है। यह केंद्र दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
ओलंपिक दिवस पर HCL फाउंडेशन-नागपुर मनपा में एमओयू, ‘स्पोर्ट्स फॉर चेंज’ पहल के तहत खेलों को मिलेगा बढ़ावा
संजय राऊत का अमित शाह पर बड़ा हमला, बोले- पीएम बनने की महत्वाकांक्षा में क्षेत्रीय दलों को तोड़ा जा रहा
सीएम बनना है तो पार्टी करो बीजेपी में विलीन… शाह ने दिया शिंदे को ऑफर ! एडवोकेट असीम सरोदे का बड़ा दावा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ देश, पीएम मोदी-शाह-एस जयशंकर समेत दिग्गज नेताओं ने किया योग- VIDEO
खेल की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
गुजरात का खेल बजट 2002 से अब 176 गुना बढ़ा
केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि गुजरात सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 2002 में जहां राज्य का खेल बजट मात्र 2 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 352 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार खेलों को सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से कई नई पहल कर रही है। इससे गुजरात में देश का सबसे मजबूत खेल बुनियादी ढांचा तैयार हो रहा है। भारत की 2036 ओलंपिक की मेजबानी की इस तैयारी ने खेल प्रेमियों और देशवासियों में नई उम्मीदें जगा दी हैं। ओलंपिक के आयोजन के लिए सरकार हर तरह की तैयारी करने को तैयार है।
-एजेंसी इनपुट के साथ
