ओलंपिक इंडिया (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत सरकार 2036 के ओलंपिक की मेजबानी पाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। मेजबानी को पुख्ता करने के लिए भारत सरकार का खेल मंत्रालय ने एक खास कदम उठाया है। खेल मंत्रालय 10 ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने जा रही है। 2036 के ओलंपिक की मेजबानी को पुख्ता करने के लिए खेल मंत्रालय जर्मनी और जापान की तर्ज पर ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना करेगी।
एक ओलंपिक ट्रेनिंग में एक खेल के खिलाड़ियों को गहन तैयारियां कराई जाएंगी। इस तरह 10 खेलों के लिए 10 सेंटर खोले जाएंगे। ये सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे, जिनमें विदेशी कोच से लेकर खेल विज्ञान और आधुनिक उपकरणों की सुविधाएं दी जाएंगी। मंत्रालय ने ट्रेनिंग सेंटरों के लिए खेलों और स्थान का चयन नहीं किया है, लेकिन उन खेलों को वरीयता दी जाएगी, जिनमें देश को ओलंपिक पदक जीतने की संभावनाएं हैं।
ऐसा बताया जा रहा है कि ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटरों में देश की उच्च खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। हर खेल में इनकी संख्या 100 से 150 तक होगी। इन प्रतिभाओं के चयन के लिए मंत्रालय एक नीति तैयार करेगा। ये ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर साई की ओर से चल रहे सेंटर ऑफ एक्सिलेंस से अलग होंगे। मंत्रालय इन 26 उत्कृष्टता केंद्रों को भी चलाता रहेगा, जहां एक खेल के लिए एक सेंटर निर्धारित है।
खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
खेल मंत्रालय खेलो इंडिया गेम्स को साल भर आयोजित करेगा। 14 तरह के खेलो इंडिया गेम्स आयोजित कराने की योजना है। इन खेलों के जरिए आयोजन स्थल के पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। अभी मंत्रालय की ओर से खेलो इंडिया यूथ गेम्स, स्कूल गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, बीच गेम्स, पैरा गेम्स, विंटर गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन इनमें खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स, खेलो इंडिया स्वदेशी गेम्स, खेलो इंडिया नॉर्थ-ईस्ट गेम्स, खेलो इंडिया मार्शल आर्ट्स गेम्स, खेलो इंडिया वाटर गेम्स जैसे अन्य खेलों को भी जोड़ा जाएगा। इन खेलों को एक स्थल पर आयोजित कर वहां के पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।