Argentina vs Spain FIFA World Cup Final: FIFA वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले मौसम सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। रविवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले भारी बारिश, तेज हवाओं और कनाडा के जंगलों में लगी आग से उठे धुएं ने खिलाड़ियों और प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार तक न्यू जर्सी क्षेत्र से धुएं का घना असर काफी हद तक खत्म हो जाएगा और एयर क्वालिटी में सुधार देखने को मिलेगा।
फाइनल से पहले न्यू जर्सी में तेज बारिश और बिजली गिरने के कारण स्पेन की टीम का अभ्यास सत्र बीच में ही रोकना पड़ा। सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों को मैदान खाली करना पड़ा। वहीं, स्टेट पुलिस ने भी मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद लोगों से सीटिंग एरिया और मैदान छोड़ने की अपील की।
न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने नुकसान पहुंचाने वाली तेज हवाओं, टॉरनेडो, अचानक बाढ़ और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। भारी बारिश के चलते न्यूयॉर्क के कई इलाकों में जलभराव हुआ और कुछ सड़कों को बंद करना पड़ा।
फीफा ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और स्टेडियम के आसपास मौसम, जंगलों के धुएं और मैदान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल फाइनल मुकाबले के कार्यक्रम में किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है।
AccuWeather के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक टायलर रॉयस ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए बताया कि रविवार तक मौसम में बदलाव आने से धुएं का बड़ा हिस्सा हट जाएगा। कुछ हल्का धुंधलापन बना रह सकता है, लेकिन हवा की गुणवत्ता पहले की तुलना में काफी बेहतर होगी। वहीं, मौसम विशेषज्ञ जेफ बेरार्डेली का भी कहना है कि तूफानी सिस्टम वातावरण को साफ कर देगा और रविवार को केवल हल्का धुआं महसूस हो सकता है।
शनिवार को ईस्ट रदरफोर्ड में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) संवेदनशील लोगों के लिए खराब श्रेणी में था, लेकिन रविवार तक इसके 'मॉडरेट' स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। इसका मतलब है कि सामान्य लोगों के स्वास्थ्य पर इसका खतरा बहुत कम रहेगा। हालांकि विशेषज्ञों ने अस्थमा, सांस संबंधी बीमारी और एलर्जी से पीड़ित लोगों को सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स जरूर जांचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार मैच शुरू होने के समय तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस (80°F) रहेगा। हल्की हवाएं चलेंगी। नमी अपेक्षाकृत कम रहेगी। बारिश की संभावना बेहद कम है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में सुधार के बाद फाइनल मुकाबले के दौरान परिस्थितियां खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 Final: अर्जेंटीना बनाम स्पेन की महाभिडंत आज, जानें कब और कहां देखें फ्री लाइव मैच
कनाडा के कई प्रांतों में लगी भीषण जंगल की आग से उठा धुआं पिछले कुछ दिनों से अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्सों तक पहुंच रहा है। ओंटारियो समेत कई इलाकों में इस साल सैकड़ों जंगलों में आग लग चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण ऐसी आग की घटनाएं पहले की तुलना में अधिक तीव्र और लंबी अवधि तक बनी रहती हैं।