FIFA World Cup Qualifier 2026: पुर्तगाल की जीत में रोनाल्डो का जलवा, इन टीमों ने भी दर्ज की जीत

Portugal Victory: पुर्तगाल ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए यूईएफए क्वालीफाइंग के अपने शुरुआती मुकाबले में आर्मेनिया को 5-0 से रौंदा। पुर्तगाल की जीत में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अहम भूमिका निभाई।
फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2026 : पुर्तगाल की जीत में चमके रोनाल्डो, इन देशों ने अपने नाम किए मुकाबले
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फोटो- IANS)
Published on: 
Updated on: 

Cristiano Ronaldo Goals: इस वक्त फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफायर राउंड के मुकाबले चल रहे हैं। इस दौरान पुर्तगाल ने इसके लिए क्वालीफायर मुकाबला खेला। मुकाबला आर्मेनिया के खिलाफ था और इसमें पुर्तगाल ने आर्मेनिया को 5-0 के अंतर से बड़ी शिकस्त दी। पुर्तगाल की इस जीत में दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कुल 2 गोल दागे।

रोनाल्डो के अलावा, जोआओ फेलिक्स ने भी दो गोल किए, जबकि जोआओ कैंसिलो ने एक गोल दागा। रॉबर्टो मार्टिनेज की टीम ने ग्रुप-एफ में शुरुआत से ही अपना इरादा जाहिर कर दिया था। 40 वर्षीय रोनाल्डो ने अपने अंतरराष्ट्रीय गोल की संख्या 140 तक पहुंचा दी है। वह कार्लोस रुइज के वर्ल्ड कप क्वॉलिफाइंग में सर्वाधिक 39 गोलों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम दूर रह गए हैं।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला डबलिन में खेला गया, जहां रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड ने हंगरी के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मैच 2-2 से ड्रॉ किया। हंगरी को बर्नाबास वार्गा और रोलैंड सलाई के शुरुआती गोलों ने शानदार बढ़त दिलाई थी, लेकिन ब्रेक के तुरंत बाद इवान फर्ग्यूसन ने इस अंतर को कम कर दिया।

इसके बाद सलाई को बाहर भेजा गया। इंजरी टाइम में एडम इदाह ने हेडर के जरिए गोल दागकर मेजबानों को एक अंक दिला दिया। एक अन्य मुकाबले में सर्बिया ने लातविया को 1-0 से हराकर दबाव बनाए रखा। इस मैच में दुसान व्लाहोविच का शुरुआती गोल निर्णायक साबित हुआ, हालांकि मेजबान टीम ने अंत में कड़ा दबाव बनाया।

ऑस्ट्रिया ने ग्रुप-एच में शानदार अभियान जारी रखते हुए साइप्रस को 1-0 से शिकस्त दी। यह गोल मार्सेल सबिट्जर ने पेनाल्टी पर किया। बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने सैन मरीनो को 6-0 से रौंदते हुए शीर्ष स्थान बरकरार रखा। इस जीत में एडिन डेजेको ने दूसरे हाफ में दो गोल दागे। लगातार चौथी जीत के साथ बोस्निया ने तालिका में तीन अंकों की बढ़त बनाए रखी।

वहीं, ग्रुप-के में इंग्लैंड ने विजयी अभियान जारी रखते हुए अंडोरा को 2-0 से शिकस्त दी। टीम को शुरुआती बढ़त क्रिश्चियन गार्सिया के आत्मघाती गोल से मिली, जबकि डेक्लान राइस ने दूसरे हाफ में हेडर से गोल करते हुए जीत पक्की की। पुर्तगाल, इंग्लैंड, ऑस्ट्रिया और बोस्निया की मजबूत शुरुआत और आयरलैंड की रोमांचक वापसी के साथ ही फीफा विश्व कप 2026 की राह रोमांचक बन गई है।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com