

First Devika Half Marathon Udhampur 2026: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रविवार सुबह पहली बार बड़े स्तर पर मैराथन का आयोजन किया गया। देविका स्पोर्ट्स इंडिया के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को 'देविका हाफ मैराथन' नाम दिया गया। इसमें हर आयु वर्ग के करीब 1,000 धावकों ने हिस्सा लिया।
मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ रखी गई थी। भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन ने भी आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ अधिकारियों और विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने किया।
विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि उधमपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर मैराथन का आयोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं ने इस कार्यक्रम को आयोजित किया और भारतीय सेना, प्रशासन और कई अन्य संस्थाओं ने इसे सफल बनाने में सहयोग दिया।
उन्होंने मैराथन के जरिए 'फिट इंडिया' और 'नशा मुक्त भारत' का संदेश देने की बात कही। उन्होंने आयोजन में शामिल युवाओं और सहयोग करने वाली सभी संस्थाओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।
मैराथन में हिस्सा लेने वाले एक प्रतिभागी ने इसे अच्छा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। उनके मुताबिक, इस तरह के आयोजनों को लगातार सहयोग मिलने से नशा मुक्ति अभियान को और मजबूती मिलेगी। प्रतिभागी ने कहा कि मैराथन जैसे कार्यक्रमों से लोगों में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ती है और समाज में आपसी मेल-जोल भी मजबूत होता है।
विधायक बलवंत सिंह लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में ऐसे आयोजनों में शामिल होने की अपील की। देविका स्पोर्ट्स इंडिया से जुड़े लोगों के अनुसार, मैराथन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों और भारतीय सेना के बीच बेहतर संवाद बढ़ाना है। इसके साथ ही कार्यक्रम के जरिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।