मध्यप्रदेश में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान शुरू, सीएम मोहन यादव ने युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

Mohan Yadav News : CM मोहन यादव ने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान की शुरुआत की। 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले अभियान में युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई होगी।
Nashe Se Doori Hai Zaroori 2.0
सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Nashe Se Doori Hai Zaroori 2.0: मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित समारोह में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई और समाज से नशाखोरी खत्म करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को कमजोर करता है, इसलिए इसके खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ व्यापक जनजागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संगठित नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

नशा मुक्ति केवल कानून व्यवस्था का विषय

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।

शुरू किया गया है विशेष पाठ्यक्रम

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कॉलेज विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य पर चार-क्रेडिट का विशेष पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग प्रशिक्षण कार्यक्रमों और 'जन सुरक्षा संवाद' के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ा रहा है। सामाजिक न्याय विभाग टी-शर्ट, बैज, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री के जरिए लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाएगा।

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में नशा मुक्ति अभियान को मिली थी जगह

समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित नशा मुक्ति अभियान को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में स्थान मिला था तथा इसकी सराहना ब्रिटेन की संसद में भी हुई थी। इस वर्ष अभियान को और व्यापक बनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, खेल संगठनों और विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं को भी जोड़ा गया है।

युवाओं को नशे की लत से बचाना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रदेश ने नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया है। अब सरकार और पुलिस का प्रमुख लक्ष्य युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा प्रभावित लोगों के पुनर्वास को प्राथमिकता देना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com