जिम्बाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने मचाया कोहराम, रन देखकर उड़े अफगानिस्तान के होश; एक साथ बने कई रिकॉर्ड्स

26 दिसंबर को शुरू हुए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और पहली पारी में 586 रन बनाकर पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
Zimbabwe
Published on: 
Updated on: 

स्पोर्ट्स डेस्क:  जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच दो मैचों के टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बुलावायो में खेला जा रहा है। यह मुकाबला बॉक्सिंग डे टेस्ट मुकाबला है। 26 दिसंबर को शुरू हुए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और पहली पारी में 586 रन बनाकर पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। यह जिम्बाब्वे का सबसे बड़ा टोटल भी है। जिम्बाब्वे के लिए तीन बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली।

बुलवायो में खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे का पहला विकेट 43 के स्कोर पर गिरा। जॉयलॉर्ड गंबी 9 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई। बेन करन 68 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद ताकुइवनाशे काइटानो ने धैर्य दिखाया और 115 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बनाए। शॉन विलियम्स और काइटानो के बीच 78 रनों की साझेदारी हुई।

उसके बाद डिओन मेयर्स भी ज्यादा कुछ कर नहीं सके और 27 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पांचवां विकेट के लिए शॉन विलियम्स और क्रेग एर्विन के बीच 163 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान शॉन ने अपना शतक पूरा किया और वो 154 रन बनाकर आउट हुए। विलियम्स के आउट होने के बाद ब्रायन बेनेट ने क्रेग एविन का पूरा साथ दिया। इस दौरान क्रेग एर्विन ने अपना शतक पूरा किया। एर्विन 104 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इस दोनों के बीच 82 रनों की साझेदारी हुई। अंत में ब्रायन बेनेट 110 रन बनाकर नाबाद रहे।

इसके अलावा न्यूमैन न्यामहुरी ने 26, ब्लेसिंग मुजाराबानी ने 19 रन बनाए। इस पारी में केवल एक बल्लेबाज का खाता नहीं खुल सका। ब्रैंडन मवुता बिना खाता खोले ही आउट हो गए। वहीं अफगानिस्तान के लिए ए एम गजनफर ने 3, जिया उर रहमान ने 2, जहीर खान ने 2, और नवीद जदरान ने 2 विकेट चटकाए।

ब्रायन बैनेट ने बनाया ये खास रिकॉर्ड

ब्रायन बैनेट बॉक्सिंग डे टेस्ट में सबसे कम उम्र में सैकड़ा लगाने वाले जिम्बाब्वे के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 21 साल 46 दिन की उम्र में ये कारनामा किया। बॉक्सिंग डे टेस्ट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड कार्ल हूपर के नाम है। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने 1987 में भारत के खिलाफ ये रिकॉर्ड बनाया था।

23 साल बाद जिम्बाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने लगाया है शतक

इस मैच में तीन बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली। जिम्बाब्वे क्रिकेट के इतिहास में ऐसा सिर्फ तीसरी बार हुआ है। सबसे पहले 1995 में पाकिस्तान के खिलाफ जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ग्रांट फ्लावर, एंडी फ्लावर और गाय व्हिटल ने एक ही मैच में शतक लगाया था। इसके बाद साल 2001 में बांग्लादेश के खिलाफ जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ट्रेविस ग्रिपर, एंडी फ्लावर और क्रेग विशार्ट ने भी तीन शतक लगाए थे। अब पूरे 23 साल के बाद जिम्बाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने एक ही टेस्ट मैच में तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com