वो खिलाड़ी जिसे जन्मदिन से एक दिन पहले मिला सम्मान, वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में रहे हैं अग्रणी

Happy Birthday Yuvaj Singh: युवराज सिंह आज 12 दिसंबर 2025 को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने मुल्लांपुर स्टेडियम में उनके नाम पर स्टैंड समर्पित किया।
वो खिलाड़ी जिसे जन्मदिन से एक दिन पहले मिला सम्मान, वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में रहे हैं अग्रणी
युवराज सिंह (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yuvraj Singh Birthday: भारतीय टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज और विश्व कप विजेता खिलाड़ी युवराज सिंह आज 12 दिसंबर 2025 को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। युवराज सिंह का नाम भारतीय क्रिकेट के इतिहास में महानतम खिलाड़ियों में शुमार है। युवराज सिंह ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 में चैंपियन बनाने में अग्रणी रहे हैं। युवराज का यह जन्मदिन काफी मायने से खास होगा। उनके जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उन्हें बहुत बड़ा सम्मान मिला।

जन्मदिन से एक दिन पहले 11 दिसंबर को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में नव निर्मित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक स्टैंड का नाम युवराज सिंह के नाम पर करने की घोषणा की है। इस दौरान युवराज सिंह भी मौजूद रहे थे।गुरुवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मैच इसी मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर यह पहला पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच है। जिसमें भारतीय टीम को 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

Image

12 दिसंबर 1981 को चंडीगढ़ में हुआ था जन्म

युवराज सिंह का जन्म 12 दिसंबर 1981 को चंडीगढ़ में हुआ था। युवराज के पिता योगराज सिंह भी एक ऑलराउंडर रहे हैं और भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं। योगराज सिंह चाहते थे कि उनका युवराज आगे चलकर भारत के लिए क्रिकेट खेले और बड़ा क्रिकेटर बने। इसके लिए उन्होंने खुद युवराज को कड़ा प्रशिक्षण दिया। योगराज सिंह ने युवराज के लिए हर वो व्यवस्था की जो एक क्रिकेटर के प्रशिक्षण का जरूरी हिस्सा होती है।

19 साल की उम्र में किया इंटरनेशनल डेब्यू

युवराज ने अपने पिता के जुनून को अपना जुनून बनाया और किशोरावस्था से ही एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज और क्षेत्ररक्षक के रूप में उभरे। अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे युवराज ने 2000 में मात्र 19 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उनका पहला मैच केन्या के खिलाफ था। उस मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। उसी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हें अपनी पहली पारी खेलने का मौका मिला। उस पारी में युवराज ने 80 गेंद पर 84 रन की पारी खेली और 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे। इस पारी के बाद युवराज ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

युवराज सिंह का करियर

2000 से 2017 के बीच युवराज सिंह ने भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार प्रदर्शन किया। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 40 मैचों में 3 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से कुल 1,900 रन बनाए और साथ ही 9 विकेट भी अपने नाम किए। वनडे प्रारूप में युवराज का योगदान और भी बड़ा रहा। 304 मैचों में उन्होंने 14 शतक और 52 अर्धशतक की बदौलत 8,701 रन बनाए और 111 विकेट लिए।  टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी वह कमाल दिखाते रहे। युवराज सिंह ने 58 मुकाबलों में 8 अर्धशतक की मदद से 1,177 रन जोड़े और 28 विकेट झटके। इन आंकड़ों के साथ युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में शुमार हो गए।

वर्ल्ड कप में युवराज का बेहतरीन प्रदर्शन

वनडे विश्व कप 2011 में युवराज सिंह का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 362 रन बनाए और 15 विकेट झटके, जिसकी बदौलत वे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए देश के लिए मैदान पर डटे रहना उनके करियर की सबसे प्रेरणादायक उपलब्धियों में से एक है। टी20 विश्व कप 2007 में भी उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। एंड्रयू फ्लिंटॉफ के साथ बहस के बाद उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में अपना नाम दर्ज करा दिया।

10 जून 2019 को क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद युवराज सामाजिक कार्यों और व्यावसायिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। टी20 विश्व कप 2024 के लिए आईसीसी ने उन्हें आइकॉन खिलाड़ी के रूप में चुना था, जो उनके योगदान और प्रभाव का प्रमाण है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com