भारत-पाक मैच के समर्थन में उतरे पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह, बोलें- सियासत को रखें दूर

Yograj Singh on Asia Cup: एशिया कप में भारत-पाक मैच से पहले योगराज सिंह ने कहा कि खेल को सियासत से दूर रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की टीम भारत को हरा नहीं सकती।
भारत-पाक मैच के समर्थन में उतरे पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह, बोलें- सियासत को रखें दूर
योगराज सिंह (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yograj Singh on Asia Cup: एशिया कप की शुरुआत हो चुकी है। भारत-पाकिस्तान के मुकाबले से प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। कईयों ने कहा कि पाकिस्तान के साथ मुकाबला नहीं खेलना चाहिए। वहीं कईयों ने खेल को ऊपर रखा है। वहीं इसी कड़ी में भारत के पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच को सियासत से दूर रखना चाहिए।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच दूरियां और ज्यादा बढ़ गई है। जिसको लेकर माहौल गर्म है। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का सामना 14 सितंबर को होगा। इस मुकाबले को लेकर योगराज सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच को सियासत से दूर रखना चाहिए क्योंकि पाकिस्तान टीम हमें नहीं हरा सकती है।

सियासत को दूर रखना चाहिए

आईएएनएस से बात करते हुए योगराज सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच को मैच की तरह ही लिया जाना चाहिए। इसे लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। खिलाड़ियों को सियासत में नहीं खींचना चाहिए। इससे ज्यादा मैच पर चर्चा करने की जरूरत नहीं है। इंग्लैंड में युवराज सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। इसका क्या फायदा हुआ। हम खेलते तो जीत कर आते। उस समय नहीं खेले तो फिर अब क्यों खेल रहे हैं। जब भी मौका मिले भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होना चाहिए। आज की तारीख में पाकिस्तान टीम ऐसी नहीं है कि भारत को हरा सके।

भारतीय टीम है बहुत मजबूत

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बहुत अच्छी और मजबूत है। मुझे नहीं लगता है कि इस वक्त कोई भी टीम हमें हरा सकती है। हमारी टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो आईपीएल में अपनी टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। हमलोग देश के गौरव के लिए खेल रहे हैं। भारत की मौजूदा टीम में जो खिलाडी हैं, या आने वाले समय के जो खिलाड़ी हैं, वो बहुत बड़े खिलाड़ी होंगे। इसमें आईपीएल का बहुत बड़ा योगदान है। जबतक आईपीएल है, भारतीय क्रिकेट को कोई पछाड़ नहीं सकता।

पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे

अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों का हाथ था। भारत ने इसके जवाब में 'ऑपरेशन सिंदुर' चलाकर पीओके स्थित आतंकी ठिकाने नष्ट किए थे। सैन्य संघर्ष के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के संबंध न रखने की बात कही थी। माना जा रहा था कि एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच स्थगित हो सकता है। लेकिन, टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले भारत सरकार ने एशिया कप को वैश्विक टूर्नामेंट बताते हुए भारतीय टीम को पाकिस्तान के साथ खेलने की अनुमति दी थी। (आईएएनएस)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com