

PAK U19 Team Beat IND U19 in ACC Final 2025: एसीसी अंडर-19 कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने 2025 का अंडर-19 एशिया कप अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला आईसीसी अकादमी ग्राउंड पर खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत के सामने 347 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की इस जीत में उनके बल्लेबाज समीर मिन्हास ने निर्णायक भूमिका निभाई।
समीर मिन्हास ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी की। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और केवल 71 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। यह अंडर-19 एशिया कप 2025 का दूसरा सबसे तेज शतक है। टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम है। समीर ने कुल 113 गेंदों में 172 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 9 छक्के शामिल थे। उनके अलावा अहमद हुसैन ने भी टीम के लिए अच्छा योगदान दिया और 72 गेंदों में 56 रन बनाए।
समीर मिन्हास का जन्म 2 दिसंबर 2006 को मुल्तान में हुआ। बचपन से ही उनका रुझान क्रिकेट की तरफ था। वह बेहतरीन बल्लेबाजी के साथ-साथ सक्षम गेंदबाजी भी करते हैं। समीर का बड़ा भाई अराफात मिन्हास पाकिस्तानी नेशनल टीम के लिए खेल चुके हैं और चार टी20 इंटरनेशनल मैच में हिस्सा ले चुके हैं। परिवारिक क्रिकेटी पृष्ठभूमि ने समीर को इस मुकाम तक पहुंचाने में मदद की है और उन्होंने टूर्नामेंट में अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस मैच में भारत के गेंदबाजों ने 347 रन लुटा डाले। भारत की तरफ से किशन कुमार सिंह सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 5 ओवर में 10 की इकोनॉमी के साथ 50 रन दिए। इसके अलावा दीपेश देवेंद्रन ने 10 ओवर में 83 रन दिए। भारत के लिए हेनिल पटेल और हेनिल पटेल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कनिष्क चौहान को 1 विकेट मिला।
इस मुकाबले में भारत को वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे से काफी उम्मीदें थी, लेकिन ये दोनों इन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में 26 रन बनाए। वहीं, कप्तान आयुष म्हात्रे सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन चले गए। इस मैच में आरोन जॉर्ज का बल्ला भी शांत रहा। उन्होंने 9 गेंदों पर 16 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा 36 रन दीपेश देवेंद्रन ने बनाए।