रांची में विराट कोहली ने ठोका ऐतिहासिक शतक, फैंस के शोर से गूंज उठा स्टेडियम, देखें वीडियो

IND vs SA: विराट कोहली ने IND vs SA पहले वनडे में 102 गेंदों पर 5 छक्के और 7 चौकों की मदद से 52वां ODI शतक जड़ा। उनके शतक से रांची स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुँच गया।
विराट कोहली ने शतक लगाया, फैंस के शोर से गूंज उठा है स्टेडियम
विराट कोहली रांची में शतक के बाद (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IND vs SA: रांची के JSCA स्टेडियम में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्लेबाजी कौशल का लोहा मनवाया। किंग कोहली ने पहले वनडे में जबरदस्त शतक लगाकर अपने वनडे करियर का 52वां शतक पूरा किया और क्रिकेट इतिहास में एक बड़ा माइलस्टोन अपने नाम कर लिया। यह शतक उन्हें एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शीर्ष पर पहुंचाता है।

शानदार फॉर्म में दिखे कोहली

शुरुआत से ही विराट बेहद आत्मविश्वास में नजर आ रहे थे। उन्होंने क्रीज पर कदम रखते ही क्लासिक कवर ड्राइव, पुल शॉट और स्ट्रेट हिट्स से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कोहली ने सिक्स के साथ अपनी 76वीं वनडे हाफ सेंचुरी पूरी की, जिससे उनकी लय और रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता था। साउथ अफ्रीका के तेज और स्पिन अटैक के सामने कोहली पूरी तरह हावी दिखाई दिए। हर गेंदबाज पर उन्होंने अपनी स्टाइल में जवाबी वार किया और रन बनाने की गति को लगातार तेजी से आगे बढ़ाया। विराट कोहली के इस शतक के बाद रांची का JSCA स्टेडियम में दर्शकों ने जमकर जश्न मनाया।

रोहित-कोहली की जबरदस्त साझेदारी

भारतीय टीम ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी की और शुरुआत कुछ खास नहीं रही। यशस्वी जायसवाल 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा ने मिलकर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की मजबूत साझेदारी निभाई।

रोहित की शानदार टाइमिंग और कोहली की स्थिरता ने भारतीय पारी को मजबूती दी। दोनों ने मिलकर साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों को दबाव में डाला और रनरेट को लगातार बढ़ाते रहे। कोहली ने 47 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, जिसमें उनके आक्रामक तेवर साफ दिखे।

102 गेंदों में पूरी हुई शतक की कहानी

अर्धशतक के बाद विराट कोहली का बल्ला और भी आग उगलने लगा। उन्होंने स्ट्राइक रोटेशन के साथ शानदार बाउंड्री और छक्कों का तड़का लगाकर रन बटोरना जारी रखा। 102 गेंदों में कोहली ने अपना 83वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया और दर्शकों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने प्रोटियाज के मजबूत अटैक के खिलाफ अपनी क्लास, फिटनेस और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com