'फुटबाल सम्राट' मेसी से मिलेंगे 'क्रिकेट किंग' कोहली! लंदन से भारत लौटे विराट, हाई हुआ फैंस का जोश

Virat Kohli lands in India: विराट कोहली ऐसे समय भारत लौटे हैं, जब लियोनेल मेसी का GOAT इंडिया टूर जारी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों दिग्गज मुंबई में मुलाकात कर सकते हैं।
'फुटबाल सम्राट' मेसी से मिलेंगे 'क्रिकेट किंग' कोहली! लंदन से भारत लौटे विराट, हाई हुआ फैंस का जोश
लियोनेल मेसी और विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Virat Kohli Return India from Abroad: इंडियन क्रिकेट टीम के सुपरस्टार विराट कोहली विदेश दौरे के बाद भारत वापस लौट आए हैं। हाल ही में उन्हें अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मुंबई में देखा गया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म होने के बाद विराट भारत से बाहर चले गए थे, लेकिन अब उनकी वापसी ने फैंस के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

GOAT इंडिया टूर पर लियोनेल मेसी

इसी बीच अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का GOAT इंडिया टूर शुरू हो चुका है। 13 दिसंबर को मेसी कोलकाता पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ी। अब 14 दिसंबर को उनका अगला पड़ाव मुंबई है, जहां वह वानखेड़े स्टेडियम में अपने चाहने वालों से रूबरू होने वाले हैं।

क्या होगी कोहली और मेसी की ऐतिहासिक मुलाकात?

विराट कोहली की भारत वापसी और मेसी के मुंबई पहुंचने की खबरों के बाद स्पोर्ट्स फैंस के बीच कयास तेज हो गए हैं। माना जा रहा है कि दोनों दिग्गज खिलाड़ी मुंबई में एक-दूसरे से मुलाकात कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह खेल जगत के लिए बेहद खास पल होगा। हालांकि, फिलहाल इस संभावित मुलाकात को लेकर विराट कोहली या लियोनेल मेसी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फैंस के बीच दोनों दिग्गजों की दीवानगी चरम पर

विराट कोहली मौजूदा दौर में क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। वहीं फुटबॉल जगत में लियोनेल मेसी की लोकप्रियता किसी से कम नहीं है। दोनों खिलाड़ियों के फैंस दुनियाभर में फैले हुए हैं। ऐसे में अगर कोहली और मेसी एक साथ नजर आते हैं, तो उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो सकते हैं।

कोलकाता में नहीं रहा मेसी का पहला दिन यादगार

भारत दौरे के पहले दिन लियोनेल मेसी के लिए हालात उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में उन्हें देखने के लिए हजारों फुटबॉल प्रेमी पहुंचे थे। फैंस को उम्मीद थी कि वे अपने चहेते खिलाड़ी के साथ कुछ वक्त बिता पाएंगे, लेकिन बताया जा रहा है कि मेसी महज 10 मिनट के लिए ही स्टेडियम में रुके।

निराशा के बाद बेकाबू हुई भीड़

लियोनल मेसी के जल्दी चले जाने की खबर के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शक निराश हो गए। गुस्सा इतना बढ़ा कि भीड़ बेकाबू हो गई और सॉल्ट लेक स्टेडियम में तोड़फोड़ शुरू हो गई। हालात संभालने के लिए सुरक्षाबलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस घटना ने GOAT इंडिया टूर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com