कोलकाता के बवाल के बाद खतरे में मेसी का GOAT India Tour? आयोजकों की बदइंतजामी से टूटा फैंस का दिल

GOAT India Tour: कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के टूर को लेकर फैंस बेकाबू हो गए और जमकर हंगामा हुआ। इस बवाल के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या अर्जेंटीना के स्टार का इंडिया टूर रद्द होगा?
कोलकाता के बवाल के बाद खतरे में मेसी का GOAT India Tour? आयोजकों की बदइंतजामी से टूटा फैंस का दिल
लियोनल मेसी का भारत दौरा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Will Messi India Tour Cancelled: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का बहुप्रतीक्षित GOAT इंडिया टूर शुरू होते ही विवादों में फंस गया है। टूर के पहले ही दिन 13 दिसंबर को कोलकाता में हालात बेकाबू हो गए। दमदम एयरपोर्ट पर मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस उमड़ पड़ें। वहीं, शहर की सड़कें भी फुटबॉल प्रेमियों से भरी नजर आईं। हालांकि, सॉल्ट लेक स्टेडियम में जो कुछ हुआ, जिसने इस इवेंट की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

सिर्फ 10 मिनट के लिए आए मेसी, भड़की भीड़

सॉल्ट लेक स्टेडियम में फैंस को उम्मीद थी कि वे अपने पसंदीदा फुटबॉल स्टार को लंबे समय तक देख पाएंगे, लेकिन मेसी वहां महज 10 मिनट के लिए ही मौजूद रहे। जैसे ही यह बात दर्शकों को पता चली, माहौल तनावपूर्ण हो गया। पहले बोतलें फेंकी गईं और फिर मैदान में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षाबलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

महंगे टिकट, लेकिन सपना अधूरा

कोलकाता में फुटबॉल के प्रति जुनून किसी से छिपा नहीं है। यही वजह है कि फैंस ने इस इवेंट के लिए 5 हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये तक की टिकटें खरीदी थीं। लोगों ने घंटों इंतजार किया, लेकिन जब इतनी भारी कीमत चुकाने के बाद भी मेसी को ठीक से देखने का मौका नहीं मिला, तो गुस्सा फूटना लाजमी था। कई फैंस ने इस इवेंट को पूरी तरह से मिसमैनेजमेंट करार दिया।

सीएम ममता बनर्जी ने मांगी माफी

घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए मिसमैनेजमेंट से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद हजारों खेल प्रेमियों के साथ स्टेडियम जाने वाली थीं, जो मेसी की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे। मुख्यमंत्री ने लियोनेल मेसी और सभी फैंस से दिल से माफी मांगी।

जांच समिति गठित, जिम्मेदारी तय होगी

सीएम ममता ने मामले की जांच के लिए जस्टिस (रिटायर्ड) असीम कुमार रे की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति के गठन का ऐलान किया। इस कमेटी में चीफ सेक्रेट्री और होम व हिल अफेयर्स डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। समिति घटना की पूरी जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव देगी।

क्या रद्द हो सकता है मेसी का इंडिया टूर?

कोलकाता में हुए बवाल के बाद मेसी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनके होटल के बाहर भी भारी भीड़ जुट गई थी, जिसे हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। मेसी का आगे हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली दौरा प्रस्तावित है। कोलकाता की घटना इन राज्यों के लिए चेतावनी साबित हो सकती है।

अगर लियोनल मेसी या उनकी मैनेजमेंट टीम को सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हुआ, तो टूर रद्द करने का फैसला लिया जा सकता है। हालांकि GOAT इंडिया टूर के आयोजक ऐसा नहीं चाहेंगे, क्योंकि इससे उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है और टिकट का रिफंड भी देना होगा। ऐसे में अब सबकी नजरें अगले फैसले पर टिकी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com