विराट कोहली ने मांगी 'चार्टर्ड फ्लाइट'? सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाह तो 'किंग' ने हंसते हुए दिया करारा जवाब

Virat Kohli Instagram Story: आईपीएल 2026 से पहले विराट कोहली ने वायरल पोस्ट को फर्जी बताया। इसमें लंदन से चार्टर्ड फ्लाइट की मांग का दावा था, जिसे कोहली ने हंसते हुए सिरे से खारिज कर दिया।
विराट कोहली रचेंगे इतिहास: 29 रन बनाते ही बनेंगे एशिया के नंबर-1 बल्लेबाज
विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Virat Kohli gives Hilarious Reaction on Chartered Flight Demands: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर कई अजीब खबरें सामने आईं, जिन पर अब खुद खिलाड़ी ने मजेदार अंदाज में जवाब दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन रिपोर्ट्स को कोहली ने पूरी तरह फर्जी करार दिया है और साफ कर दिया है कि इनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।

विराट कोहली ने अफवाहों पर दिया करारा जवाब

आईपीएल 2026 से पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि विराट कोहली ने अपनी फ्रेंचाइजी RCB से एक खास मांग की है। खबरों के मुताबिक, उन्होंने सीजन के दौरान लंदन से आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की सुविधा मांगी थी। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया कि अगर मैचों के बीच तीन दिन का गैप मिलेगा तो वह लंदन चले जाएंगे और मुकाबले से ठीक एक दिन पहले टीम से जुड़ेंगे। इन दावों पर विराट कोहली ने इंस्टाग्राम के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया और हंसने वाले इमोजी के साथ इसे पूरी तरह गलत बताया। उनके इस अंदाज से साफ हो गया कि यह खबर सिर्फ अफवाह थी।

फैंस को पसंद आया कोहली का अंदाज

विराट कोहली के इस मजेदार रिएक्शन को फैंस ने काफी पसंद किया। सोशल मीडिया पर उनके जवाब के बाद फैंस भी इन अफवाहों का मजाक उड़ाते नजर आए। कोहली अक्सर अपने बेबाक और हल्के-फुल्के अंदाज के लिए जाने जाते हैं, और इस बार भी उन्होंने उसी स्टाइल में फेक न्यूज की पोल खोल दी।

आरसीबी के साथ जुड़ चुके हैं कोहली

आईपीएल 2026 के लिए विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम से जुड़ चुके हैं और उन्होंने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। हाल ही में वह टीम के प्रैक्टिस सेशन में नजर आए थे। आरसीबी इस सीजन अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। यह मैच बेंगलुरु में आयोजित होगा। पिछले सीजन में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था और 18 साल का इंतजार खत्म किया था। ऐसे में इस बार टीम खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

आईपीएल 2025 में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 15 मैचों में 54.75 की औसत और 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक भी निकले। वह अपनी टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और पूरे टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शामिल रहे। ऐसे में आईपीएल 2026 में भी फैंस को उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com