

Virat Kohli Angry Video: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में अर्धशतक जमाया। पारी की शुरुआत करने उतरे विराट ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। हालांकि वह अपनी लय में पूरी तरह नजर नहीं आए और रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे। हार्दिक पांड्या की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने लॉन्ग ऑन पर उनका कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत किया।
इस मुकाबले में आरसीबी को तेज शुरुआत फिल साल्ट ने दी, जिन्होंने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उनके आउट होने के बाद रजत पाटीदार क्रीज पर आए और उन्होंने भी उसी अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। दोनों बल्लेबाजों ने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी इस तेज बल्लेबाजी के चलते टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आई।
विराट कोहली आउट होने के बाद काफी निराश और गुस्से में नजर आए। पवेलियन लौटते वक्त उन्होंने बाउंड्री लाइन के पास अपना हेलमेट फेंक दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने ग्लव्स भी गुस्से में जमीन पर पटक दिए। उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ दिख रहा था कि वह अपनी पारी से संतुष्ट नहीं थे और खुद से काफी नाराज थे।
विराट कोहली ने इस मैच में अपना अर्धशतक जरूर पूरा किया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कोई जश्न नहीं मनाया। आमतौर पर बड़ी उपलब्धि पर रिएक्शन देने वाले विराट इस बार शांत नजर आए। वह अपनी बल्लेबाजी से खुश नहीं दिखे, क्योंकि टीम के अन्य बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे, जबकि वह अपेक्षित स्ट्राइक रेट से पीछे थे। दूसरी ओर, स्टैंड में मौजूद उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा उनके अर्धशतक पर काफी खुश दिखाई दीं और उन्होंने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
विराट कोहली ने अपनी पारी के दौरान दो बार वाइड गेंद को लेकर डीआरएस लिया, लेकिन दोनों ही फैसले उनके खिलाफ गए। इस कारण टीम के दोनों डीआरएस खत्म हो गए। इन फैसलों के बाद भी विराट काफी नाराज नजर आए। इन सभी घटनाओं ने उनकी निराशा को और बढ़ा दिया, जो उनके आउट होने के बाद साफ तौर पर दिखाई दी।