विजयवाड़ा ने तीन मुकाबलों में दर्ज की जीत, अमरावती रॉयल्स को 9 विकेट से चटाई धूल
Vijayawada Sunshiners beat Amaravati Royals: एकतरफा मुकाबले में विजयवाड़ा सनशाइनर्स ने अमरावती रॉयल्स को 9 विकेट से धूल चटाई। ये इस सीजना का 21वां मुकाबला था।
- Written By: संजय बिष्ट
आंध्र प्रीमियर लीग 2025 (फोटो- IANS)
Andhra Premier League 2025: बीते मंगलवार को आंध्र प्रदेश प्रीमियर लीग के इस सीजन का 21वां मुकाबला खेला गया। ये मुकाबला विजयवाड़ा सनशाइनर्स और अमरावती रॉयल्स के बीच विशाखापत्तनम में हुआ। इस दौरान विजयवाड़ा सनशाइनर्स ने अमरावती रॉयल्स को 9 विकेट से धूल चटाई। इससे पहले सनशाइनर्स के कप्तान ने टॉस जीतकर रॉयल्स को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमरावती रॉयल्स की टीम 19.5 ओवर में महज 138 रन बनाकर ढेर हो गई।
अमरावती रॉयल्स की खराब शुरुआत
अमरावती की शुरुआत काफी खराब रही। टीम 2 रन के स्कोर पर मान्याला प्रणीत का विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद यारा संदीप ने सीराम वेंकट राहुल (4) के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। यारा संदीप ने 39 गेंदों में 53 रन की पारी खेली, जिसमें एक छक्का और छह चौके शामिल रहे। इनके अलावा अकुला विजय ने 17, जबकि कार्तिक रमन ने नाबाद 19 रन बनाए।
वेंकट सुमित ने 29 रन देकर 4 बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन
विपक्षी टीम की ओर से साई वेंकट सुमित ने 29 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके, जबकि यदला वासु और पृथ्वी राज ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके जवाब में सलामी बल्लेबाजों ने विजयवाड़ा सनशाइनर्स को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 11 ओवरों में 121 रन की साझेदारी की। कप्तान अश्विन हेब्बर 38 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें सात छक्के और छह चौके शामिल थे।
सम्बंधित ख़बरें
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने के बाद दिग्गजों के आने लगे हैं बयान, अब सौरव गांगुली ने भी BCCI पर किया रिएक्ट
आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज में नीतीश-दुबे समेत 3 पेसर्स की मौजूदगी, कैसे प्रिंस यादव को मिलेगी प्लेइंग-XI में जगह?
मानव सुथार का इंटरनेशनल डेब्यू में बड़ा रिकॉर्ड, 6 विकेट लेकर भारत के दिग्गज गेंदबाजों की लिस्ट में बनाई जगह
सूर्यकुमार यादव से कप्तानी छीनने पर गुस्से में सुनील गावस्कर, BCCI को सरेआम सुनाई खरी-खोटी
अभिनव ने खेली 45 रन की नाबाद पारी
इसके बाद मुन्नांगी अभिनव ने ममीदी वामसी कृष्णा के साथ मोर्चा संभाला और जीत के लिए जरूरी शेष रन बनाए। मुन्नांगी अभिनव 35 गेंदों में दो छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कृष्णा ने नाबाद आठ रन की पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए इकलौता विकेट कार्तिक रमन ने अपने नाम किया।
ये भी पढ़ें: चयनकर्ताओं पर उठे सवाल, रोहित के दोस्त ने श्रेयस अय्यर के लिए खोला मोर्चा
विजयवाड़ा सनशाइनर्स छह में से तीन मुकाबले जीतकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर मौजूद है। इस टीम ने शुरुआती दो मैच जीते थे, जिसके बाद उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम का एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। दूसरी ओर, अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी अमरावती रॉयल्स ने छह में से पांच मुकाबले जीते हैं। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है।
एजेंसी इनपुट के साथ
