आयरलैंड सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका, स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हुए बाहर

India vs Ireland: आयरलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण दो मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।
Varun Chakravarthy ruled out of T20I series against Ireland vaibhav suryavanshi ireland vs india
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India vs Ireland T20i Series Update: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 की शानदार जीत के बाद भारतीय टीम अब आयरलैंड दौरे की तैयारी में जुटी है। दोनों देशों के बीच 26 और 28 जून को दो टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। लेकिन सीरीज शुरू होने से चार दिन पहले भारत को बड़ा झटका लगा है।

बीसीसीआई ने रविवार को जानकारी दी कि स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। बोर्ड के अनुसार, आईपीएल 2026 के दौरान उनके बाएं पैर में चोट लगी थी और वह फिलहाल BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैबिलिटेशन के अंतिम चरण से गुजर रहे हैं।

चोट के कारण सीरीज से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने बयान में कहा कि वरुण चक्रवर्ती को पूरी तरह फिट होने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है। फिलहाल उनके विकल्प के तौर पर किसी खिलाड़ी की घोषणा नहीं की गई है। वरुण भारत के प्रमुख टी20 गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 45 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 73 विकेट हासिल किए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 विकेट पर 17 रन रहा है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया

आयरलैंड दौरा श्रेयस अय्यर के लिए भी खास रहने वाला है। वह पहली बार टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। आयरलैंड में 2 टी20 होंगे, जिसमें पहला टी20 26 जून और दूसरा टी20 28 जून को होगा।

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर नजरें

आयरलैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं और टीम इंडिया ने सभी मैचों में जीत दर्ज की है। इस सीरीज में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस की निगाहें युवा प्रतिभाओं के प्रदर्शन पर भी रहेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com