7 दिन में वर्ल्ड कप से ऑस्ट्रेलिया का बंध गया बोरिया-बिस्तर? ग्रुप स्टेज से बाहर होना तय! देखें प्वाइंट्स टेबल
T20 World Cup Points Table: इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने 3 प्रमुख तेज गेंदबाजों के बिना ही उतरी, जबकि शुरुआती 2 मैच में कप्तान मिचेल मार्श भी नहीं खेल पाए थे।
- Written By: अर्पित शुक्ला
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (Image- IANS)
T20 World Cup 2026 Points Table Updated: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने की कगार पर पहुंच जाएगी। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड जैसे प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम को कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन महज सात दिनों के भीतर मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम का सफर थमता नजर आ रहा है। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहले दौर से बाहर होने की स्थिति में है और मंगलवार 17 फरवरी को इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।
लगातार दूसरी हार ने बिगाड़ा समीकरण
टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से हुई थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मैच 11 फरवरी को खेला। उस मुकाबले में टीम ने आयरलैंड को हराकर शानदार आगाज किया था। हालांकि इसके बाद हालात बदल गए। अगले मैच में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ उलटफेर का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार (पहले 2007 में) था जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया।
उम्मीद थी कि टीम श्रीलंका के खिलाफ वापसी करेगी और फिर ओमान को हराकर सुपर-8 में जगह बनाएगी। लेकिन सोमवार 16 फरवरी को मेजबान श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 8 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। इस हार ने कंगारू टीम की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
T20 WC IND W vs AUS W: कोच शेली निट्स्के को उम्मीद, भारत के खिलाफ मैच के लिए फिट हो सकती हैं फोएबे लिचफील्ड
चमारी अट्टापट्टू ने T20 World Cup में रचा अनोखा इतिहास, ऐतिहासिक शतक ठोक पहली बार कर दिया ये बड़ा कारनामा
Women’s T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ जारी, पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 113 रनों से रौंदा
कुछ ही घंटों में बाहर होने का खतरा
तीन मैचों में सिर्फ 2 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर है। हर ग्रुप से केवल दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी और फिलहाल श्रीलंका क्वालिफाई कर चुका है। दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे है, जिसके 4 अंक हैं। अब सबकी नजर जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मुकाबले पर है। अगर सिकंदर रजा की अगुवाई वाली टीम यह मैच जीत लेती है, तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो जाएगा।
कैसे बच सकती है ऑस्ट्रेलिया?
अगर जिम्बाब्वे आयरलैंड से हारती है, तो भी उसके पास आखिरी मैच में क्वालिफाई करने का मौका रहेगा, जहां उसका सामना श्रीलंका से होगा। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्बाब्वे अपने बचे दोनों मैच हार जाए और वह खुद अपने अंतिम मुकाबले में ओमान को हरा दे।
यह भी पढ़ें- इसे कहते हैं गजब की फील्डिंग…पथुम निसंका ने बाउंड्री पर चीते जैसी फुर्ती से लपका जबरदस्त कैच, देखें वीडियो
ऐसी स्थिति में जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड तीनों के 4-4 अंक हो सकते हैं। तब फैसला नेट रनरेट के आधार पर होगा, जहां बेहतर रनरेट होने पर ऑस्ट्रेलिया के पास आगे बढ़ने का मौका रहेगा। फिलहाल कंगारू टीम की किस्मत दूसरे मैचों के परिणाम पर निर्भर करती नजर आ रही है।
