पथुम निसांका (फोटो- सोशल मीडिया)
Pathum Nissanka Catch: टी20 विश्व कप 2026 का 30वां मुकाबला पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। इस मैच में श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका ने बल्लेबाजी के साथ-साथ क्षेत्ररक्षण में भी कमाल दिखाया। उन्होंने हवा में छलांग लगाते हुए एक हाथ से ऐसा अद्भुत कैच पकड़ा कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक सभी हैरान रह गए। उनके इस कैच की चर्चा हर तरफ हो रही है और इसका दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 17वें ओवर में देखने को मिली। उस समय ग्लेन मैक्सवेल अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे और तेजी से रन बना रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद ऊंची हवा में गई और ऐसा लग रहा था कि यह गेंद सीमा रेखा पार कर जाएगी, लेकिन पथुम निसांका ने तेजी से दौड़ लगाई, हवा में लंबी छलांग लगाई और एक हाथ से शानदार कैच पकड़ लिया। इस बेहतरीन प्रयास की वजह से मैक्सवेल को पवेलियन लौटना पड़ा और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा।
𝐍𝐨 𝐜𝐚𝐩𝐞 𝐧𝐞𝐞𝐝𝐞𝐝 😌 Pathum Nissanka defies gravity with an absolute screamer to dismiss Maxwell! 🤯 ICC Men’s #T20WorldCup | #SLvAUS | LIVE NOW ➡️https://t.co/J53l5oud0B pic.twitter.com/n7nMhQvtiZ — Star Sports (@StarSportsIndia) February 16, 2026
मैक्सवेल के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी की रफ्तार धीमी पड़ गई। शुरुआती दस ओवर तक टीम मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी और ऐसा लग रहा था कि स्कोर आसानी से 200 रन के पार चला जाएगा। लेकिन जैसे-जैसे विकेट गिरते गए, मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम दबाव में आ गई। अंततः ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 20 ओवर में 181 रन बनाकर सिमट गई।
टी20 विश्व कप में श्रीलंका क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 181 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।
ये भी पढ़ें: पथुम निसंका ऐतिहासिक शतक, श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर सुपर-8 में मारी एंट्री
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने शानदार शुरुआत दिलाई। निसंका ने इस मुकाबले में नाबाद 100 रन की पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 52 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 5 छक्के लगाए। इस शतक के साथ वह सनथ जयसूर्या के बाद टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले श्रीलंका के दूसरे बल्लेबाज बन गए।