PAK W vs SA W: साउथ अफ्रीका से मिली हार फिर ICC ने लगाई फटकार, सिदरा अमीन को मिला एक डिमेरिट अंक

Sidra Amin vs South Africa: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन पर सिदरा अमीन को दोषी पाया गया। उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया, उनके कुल प्वाइंट्स दो हो गए है।
sidra amin
Published on
Updated on

Sidra Amin: पाकिस्तान महिला टीम इस समय साउथ अफ्रीका के दौरे पर है। अभी दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद पाकिस्तान को एक और झटका लगा है। पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर सिदरा अमीन को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने का दोषी पाया गया है। यह मुकाबला रविवार को ब्लोमफोंटेन में खेला गया था।

आईसीसी ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, "सिदरा को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 को तोड़ने का दोषी पाया गया, जो खिलाड़ियों और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए है, जो एक इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट इक्विपमेंट या कपड़ों, ग्राउंड इक्विपमेंट या फिक्स्चर और फिटिंग के गलत इस्तेमाल से जुड़ा है।"

एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया

इसके अलावा, सिदरा अमीन के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है। यह 24 महीनों के अंदर उनका दूसरा अपराध है, जिससे उनके कुल डिमेरिट प्वाइंट्स दो हो गए हैं। यह घटना पाकिस्तानी पारी के 24वें ओवर में हुई, जब आउट होने के बाद, सिदरा ने क्रीज छोड़ने से पहले अपना बल्ला जमीन पर पटक दिया। उन्हें इससे पहले 5 अक्टूबर को महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान भारत के खिलाफ इसी तरह की गलती के लिए एक डिमेरिट प्वाइंट मिला था।

आईसीसी ने क्या कहा?

बयान में आगे कहा गया, "ऑन-फील्ड अंपायर केरिन क्लास्टे और निमाली परेरा, थर्ड अंपायर लॉरेन एगेनबैग और फोर्थ अंपायर स्टेसी लैके ने आरोप लगाए। सिदरा ने अपराध और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के शैंड्रे फ्रिट्ज द्वारा बताई गई सजा को स्वीकार लिया। ऐसे में आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं हुई।" लेवल 1 के उल्लंघन में कम से कम आधिकारिक फटकार और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट मिलते हैं।

मुकाबले का हाल

रविवार को खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 260 रन बनाए। इस पारी में सुने लुस ने नाबाद 93 रन बनाए, जबकि कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 38.5 ओवरों में 223 रन पर सिमट गई। इस पारी में आयशा जफर ने सर्वाधिक 81 रन बनाए, जबकि सिदरा अमीन ने 68 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। उनकी इस पारी में 9 चौके शामिल थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com