सूर्यकुमार यादव (फोटो-सोशल मीडिया)
IND vs AUS T20 Series: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 29 अक्टूबर 2025 से टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। पांच मैचों की इस सीरीज में दोनों टीमें पूरी ताकत के साथ उतरेंगी। भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जिन्होंने हाल ही में एशिया कप जिताकर अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया था। हालांकि, उनकी व्यक्तिगत बल्लेबाजी फॉर्म चर्चा में है। लंबे समय से सूर्या बड़े स्कोर नहीं बना पा रहे हैं, और यही कारण है कि अब सभी की निगाहें उन पर टिकी हैं।
सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि उन्हें अपनी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने बताया कि वे लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं और खुद को मानसिक रूप से मजबूत महसूस कर रहे हैं। सूर्या ने कहा, “मैं मेहनत कर रहा हूं, जैसा हमेशा करता आया हूं। मेरे घरेलू सेशन काफी अच्छे रहे और यहां भी कुछ सत्रों में अच्छा महसूस हुआ। मैं सही दिशा में हूं, यही सबसे जरूरी है। रन अपने आप आएंगे, लेकिन टीम का लक्ष्य हमेशा प्राथमिकता में रहेगा।” उनके इस आत्मविश्वास से साफ झलकता है कि वे आलोचनाओं से प्रभावित नहीं हैं, बल्कि मैदान पर बल्ले से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
SURYAKUMAR YADAV ABOUT HIS BATTING FORM: “I feel like I’ve been working really hard. It’s not that I wasn’t working hard before, I was doing it then also. I’ve had good sessions back home and good few sessions here so I am in good space, that is really important. Runs will come… pic.twitter.com/f5YsVTdkUn — Johns. (@CricCrazyJohns) October 28, 2025
साल 2025 सूर्या के लिए बल्ले के लिहाज से कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने अब तक 11 टी20 पारियों में सिर्फ 100 रन बनाए हैं, जो उनके स्तर के बल्लेबाज के लिए निराशाजनक आंकड़ा है। हालांकि, आईपीएल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे उम्मीदें बनी हुई हैं कि ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों पर वे अपनी पुरानी लय वापस पा सकते हैं। टीम प्रबंधन भी उनके साथ है, क्योंकि कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियां हमेशा चुनौतीपूर्ण मानी जाती हैं, लेकिन सूर्या जैसे आक्रामक बल्लेबाज के लिए यह अवसर भी है। आलोचकों के निशाने पर रहे सूर्या अब अपने बल्ले से वही जवाब देना चाहते हैं, जो किसी बयान से ज्यादा असरदार हो। टीम इंडिया को भी अपने कप्तान से उसी ऊर्जा और आत्मविश्वास की उम्मीद है, जिसने उन्हें एशिया कप में जीत दिलाई थी।
ये भी पढ़ें: स्मृति मंधाना का जलवा बरकरार, प्रतिका रावल ने लगाई 12 पायदान की छलांग
| तारीख | मैच | स्थान | टीमें |
|---|---|---|---|
| 29 अक्टूबर 2025 | पहला टी20 | मैनुका ओवल, कैनबरा | ऑस्ट्रेलिया vs भारत |
| 31 अक्टूबर 2025 | दूसरा टी20 | मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, मेलबर्न | ऑस्ट्रेलिया vs भारत |
| 2 नवंबर 2025 | तीसरा टी20 | बेलरिव ओवल, होबार्ट | ऑस्ट्रेलिया vs भारत |
| 6 नवंबर 2025 | चौथा टी20 | बिल पिप्पन ओवल, गोल्ड कोस्ट | ऑस्ट्रेलिया vs भारत |
| 8 नवंबर 2025 | पांचवां टी20 | द गाबा, ब्रिस्बेन | ऑस्ट्रेलिया vs भारत |