नागपुर T20 में सूर्या की अग्निपरीक्षा! क्या जामठा में लौटेगा ‘मिस्टर 360’ का तेज, देखें अब तक का रिकॉर्ड
Suryakumar Yadav T20 Form: नागपुर के जामठा स्टेडियम में 21 जनवरी को होने वाला मुकाबला केवल एक मैच नहीं, बल्कि भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के करियर का सबसे बड़ा 'एसिड टेस्ट' है।
- Written By: प्रिया जैस
सूर्यकुमार यादव (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Suryakumar Yadav Stats: 21 जनवरी की शाम जामठा स्टेडियम की फ्लड लाइट और सामने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी। मंच सजा है, निगाहें टिकी हैं और सवाल सिर्फ एक- क्या सूर्यकुमार यादव नागपुर में फिर से वही ‘मिस्टर 360’ बन पाएंगे, जिसने दुनिया के गेंदबाज़ों को थर्राया था? यह सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नहीं होगा।
यह सूर्या के लिए आंकड़ों, आलोचनाओं और उम्मीदों से भरी उस सुरंग का आखिरी मोड़ है, जहां से या तो वापसी होगी या बहस और गहरी होगी। पिछले एक साल से टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला खामोश है। 2025 का पूरा साल खराब फॉर्म में गुजर गया और 2026 की शुरुआत भी राहत देने वाली नहीं रही। विजय हजारे ट्रॉफी (लिस्ट-ए) में भी रन नहीं आए, जिससे चयनकर्ताओं और प्रशंसकों की चिंता और गहरी हो गई है।
2025: करिअर का सबसे खराब साल
आंकड़े बेहद कठोर सच्चाई बयान कर रहे हैं। साल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनकी 19 पारियों में सिर्फ 218 रन बना सके। औसत रहा 13.62, स्ट्राइक रेट 123.16 और एक भी अर्धशतक या शतक नहीं। सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 47 रन रहा।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर DBA चुनाव: अध्यक्ष और सचिव पद पर कड़ा मुकाबला, सुरक्षित वोट और गुप्त गठबंधन बदल सकते हैं चुनावी समीकरण
टीम इंडिया से पहले पाकिस्तानी जर्सी में खेले थे सचिन तेंदुलकर, पढ़ें 37 साल पुराना ये दिलचस्प वाकया
मौजूदा क्रिकेटर्स के लिए ‘माउंट एवरेस्ट’ हैं सचिन के ये 5 रिकॉर्ड! मास्टर ब्लास्टर के जन्मदिन पर खास रिपोर्ट
वानखेड़े में चेन्नई ने रचा इतिहास, संजू का नाबाद शतक और अकील के 4 विकेट से पस्त हुई MI, 103 रन से जीता मैच
यह सूर्या के करिअर का अब तक का सबसे कमजोर टी20I साल माना जा रहा है। तुलना करें तो 2024 में उन्होंने 17 पारियों में 26.81 की औसत से 429 रन बनाए थे। यानी गिरावट साफ और गहरी है। टी20 की कुल 93 इनिंग में 2788 रन बनाने वाले यादव 4 शतक और 21 अर्धशतक भी लगाए हैं।
न्यूज़ीलैंड सीरीज: मौका या आखिरी चेतावनी
भारतीय टीम के मध्यक्रम और शीर्षक्रम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांडया ने शानदार बल्लेबाज़ी कर सूर्या के खराब फॉर्म को कुछ हद तक ढक रखा था, लेकिन अब तिलक चोट के कारण न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हैं। वर्ल्ड कप में भी उनके लौटने पर संशय है। ऐसे में पूरी जिम्मेदारी कप्तान के कंधों पर आ गई है। भारतीय टीम 19 जनवरी को नागपुर पहुंचेगी, और इसके साथ ही सूर्या पर निगाहें टिक जाएंगी-क्या नागपुर में उनका ‘तेज’ लौटेगा? या फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चयनकर्ताओं की चिंता और बढ़ेगी?
इसलिए जरूरी है सूर्या का फॉर्म में लौटना
सूर्यकुमार यादव सिर्फ कप्तान नहीं, बल्कि भारत की टी20 बल्लेबाज़ी की रीढ़ हैं। उनकी लय में वापसी का मतलब है- मध्यक्रम को स्थिरता, बड़े स्कोर की क्षमता, विपक्षी गेंदबाज़ों पर मानसिक दबाव। यही वजह है कि पूरे देश की नजरें नागपुर पर टिकी हैं कि जामठा की पिच पर ‘मिस्टर 360’ अपने पुराने अवतार में लौट आएं।
नागपुर से जुड़ा अधूरा हिसाब
सूर्यकुमार यादव ने नागपुर में अब तक सिर्फ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है। 23 सितंबर 2022 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह एडम ज़म्पा की पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू होकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। ‘मिस्टर 360’ के नाम से मशहूर सूर्या अब उसी मैदान पर उस कड़वी याद को मिटाने और अपने आलोचकों को जवाब देने उतरेंगे।
लगातार फेल, आंकड़े खुद बोल रहे हैं
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सूर्या की पिछली कुछ पारियों पर नज़र डालें तो चिंता और बढ़ जाती है। इन पारियों में उनके स्कोर रहे-
| प्रतिद्वंद्वी टीम | रन (बॉल) | तारीख |
|---|---|---|
| साउथ अफ्रीका | 12 (11) | 9 दिसंबर 2025 |
| साउथ अफ्रीका | 5 (4) | 11 दिसंबर 2025 |
| साउथ अफ्रीका | 12 (11) | 14 दिसंबर 2025 |
| साउथ अफ्रीका | 5 (7) | 19 दिसंबर 2025 |
| ऑस्ट्रेलिया | 39* (24) | 29 अक्टूबर 2025 |
| ऑस्ट्रेलिया | 1 (4) | 31 अक्टूबर 2025 |
| ऑस्ट्रेलिया | 24 (11) | 2 नवंबर 2025 |
| ऑस्ट्रेलिया | 20 (10) | 6 नवंबर 2025 |
यह भी पढ़ें – IND vs NZ: न्यूजीलैंड को धूल चटाने नागपुर पहुंची टीम इंडिया, पलक झपकते ही बुक हुए 45 हजार टिकट
एशिया कप 2025
| टूर्नामेंट | रन (बॉल) | तारीख | विरुद्ध |
|---|---|---|---|
| एशिया कप 2025 | 7 (2) | 10 सितंबर 2025 | UAE |
| एशिया कप 2025 | 47 (37) | 14 सितंबर 2025 | पाकिस्तान |
| एशिया कप 2025 | 0 (3) | 21 सितंबर 2025 | पाकिस्तान |
| एशिया कप 2025 | 5 (11) | 24 सितंबर 2025 | बांग्लादेश |
| एशिया कप 2025 | 12 (13) | 26 सितंबर 2025 | श्रीलंका |
| एशिया कप 2025 | 1 (5) | 28 सितंबर 2025 | पाकिस्तान |
इनमें सिर्फ कुछ ही पारियां ऐसी हैं, जहां वह मैच पर असर डाल सके। उनका आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में आया था, जब उन्होंने 75 रन की पारी खेली थी।
- नवभारत लाइव पर नागपुर से जयदीप रघुवंशी की रिपोर्ट
