

1984 के एक टूर्नामेंट की फीस को लेकर दोनों में मतभेद शुरू हुए।
इसके बाद गावस्कर की कप्तानी में कपिल के ड्रॉप होने से रिश्ता टूट गया।
यह कड़वाहट 25 साल बाद 1983 वर्ल्ड कप की सिल्वर जुबली पर खत्म हुई।
Sunil Gavaskar Kapil Dev Controversy: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में जब भी सबसे बड़े नामों की गिनती होती है, तो सुनील गावस्कर और कपिल देव का जिक्र सबसे पहले आता है। एक ने अपनी कप्तानी में भारत को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाया, तो दूसरे ने टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाकर पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया।
मैदान पर दोनों ने साथ मिलकर देश को कई यादगार जीत दिलाई, लेकिन ड्रेसिंग रूम के बाहर इनके रिश्ते हमेशा सहज नहीं रहे। बहुत कम लोग जानते हैं कि इन दोनों दिग्गजों के बीच एक बार पैसों को लेकर ऐसा विवाद हुआ था, जिसकी कड़वाहट अगले 25 सालों तक बनी रही।
दरअसल, यह पूरा किस्सा साल 1984 का है, जब वाराणसी में एक सिंगल विकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। उस दौर में भारतीय खिलाड़ियों को एक इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए महज 1,500 रुपये फीस के तौर पर मिलते थे।
ऐसे में किसी लोकल टूर्नामेंट से मिलने वाली रकम खिलाड़ियों के लिए काफी मायने रखती थी। इसी टूर्नामेंट की मैच फीस के बंटवारे को लेकर गावस्कर और कपिल देव आमने-सामने आ गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए सुनील गावस्कर को 10,000 रुपये दिए गए थे, जबकि कपिल देव को 7,000 रुपये मिले थे। बात यहीं खत्म नहीं हुई। टूर्नामेंट के बाद होटल में एक कार्यक्रम रखा गया, जहां किसी सदस्य ने यह बात कह दी कि गावस्कर को अलग से 40,000 रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं। बस, इसी बात ने आग में घी डालने का काम किया और दोनों दिग्गजों के बीच गहरी नाराजगी पैदा हो गई।
पैसों को लेकर शुरू हुई यह अनबन जल्द ही क्रिकेट के मैदान तक पहुंच गई। इसी साल (1984) इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी और टेस्ट सीरीज के दौरान टीम की कमान सुनील गावस्कर के हाथों में थी।
इस सीरीज के एक मैच में गावस्कर ने अचानक कपिल देव को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया। क्रिकेट के गलियारों में इस फैसले से हड़कंप मच गया था। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि गावस्कर ने वाराणसी विवाद की नाराजगी के चलते ही कपिल को बाहर का रास्ता दिखाया था।
आपको बता दें कि इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच ऐसी दरार पड़ी कि अगले 25 सालों तक इन्होंने आपस में ठीक से बात तक नहीं की। हालांकि, समय के साथ दोनों दिग्गजों ने पुरानी बातों को पीछे छोड़ दिया और आज वे एक-दूसरे का काफी सम्मान करते हैं। लेकिन 1984 का वह विवाद आज भी भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित किस्सों में गिना जाता है।