स्टीव स्मिथ (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में 200 कैच लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान यह कारनामा किया। स्मिथ ने श्रीलंका की दूसरी पारी के 64वें ओवर में नाथन लियोन की गेंद पर कुसल मेंडिस का कैच पकड़कर इतिहास में अपना नाम दर्ज करवाया।
स्मिथ ने इस टेस्ट मैच में कुल 5 कैच लिए। वह राहुल द्रविड़, जैक कलिस, महेला जयवर्धने और जो रूट के बाद टेस्ट में 200 कैच लेने वाले दुनिया के पांचवें क्रिकेटर हैं। पूर्व भारतीय कप्तान और मुख्य कोच द्रविड़ 164 मैचों में 210 कैच के साथ टेस्ट में सबसे सफल फील्डर रहे हैं।
खिलाड़ी | देश | कैच |
---|---|---|
राहुल द्रविड़ | भारत | 210 |
जो रूट | इंग्लैंड | 207 |
महेला जयवर्धने | श्रीलंका | 205 |
जैक्स कैलिस | दक्षिण अफ्रीका | 200 |
स्टीव स्मिथ | ऑस्ट्रेलिया | 200 |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 196 |
मार्क वॉ | ऑस्ट्रेलिया | 181 |
एलिस्टर कुक | इंग्लैंड | 175 |
स्टीफन फ्लेमिंग | न्यूजीलैंड | 171 |
ग्रीम स्मिथ | दक्षिण अफ्रीका | 169 |
दूसरे टेस्ट के पहले दिन ही स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोटिंग के 196 कैचों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले स्टीव स्मिथ ने मार्क वॉ, मार्क टेलर, एलन बॉर्डर, माइकल क्लार्क, मैथ्यू हैडन, शेन वॉर्न, ग्रेग चैपल का रिकॉर्ड तोड़ चुके थे।
खिलाड़ी | कैच |
---|---|
स्टीव स्मिथ | 200 |
रिकी पोंटिंग | 196 |
मार्क वॉ | 181 |
मार्क टेलर | 157 |
एलन बॉर्डर | 156 |
माइकल क्लार्क | 134 |
मैथ्यू हेडन | 128 |
शेन वॉर्न | 125 |
ग्रेग चैपल | 122 |
स्टीव वॉ | 112 |
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पांच कैच लेने की वजह से स्मिथ न सिर्फ रूट के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 100 कैच लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, बल्कि WTC में सबसे सफल फील्डर भी बन गए हैं। दाएं हाथ के इस स्टार बल्लेबाज के नाम 52 WTC मैचों में 104 कैच हैं, जबकि रूट ने 64 मैचों में 100 कैच पूरे किए हैं।
खिलाड़ी | देश | कैच |
---|---|---|
स्टीव स्मिथ | ऑस्ट्रेलिया | 104 |
जो रूट | इंग्लैंड | 100 |
बेन स्टोक्स | इंग्लैंड | 54 |
ज़ैक क्रॉली | इंग्लैंड | 53 |
विराट कोहली | भारत | 49 |
मौजूदा सीरीज में स्मिथ ने अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन से भी प्रभावित किया है। उन्होंने 29 जनवरी से 1 फरवरी तक गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में 251 गेंदों पर 141 रन बनाए और मौजूदा मैच की पहली पारी में उन्होंने 254 गेंदों पर कुल 131 रन बनाए। मौजूदा सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज 10,000 रन (मैचों के लिहाज से) बनाने वाले बल्लेबाज बने स्मिथ के नाम 36 टेस्ट शतक हैं। दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शतक ने स्मिथ को WTC में 4000 रन बनाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज भी बने।