‘उन्हें सही इलाज और सम्मान मिलना चाहिए’, सौरव गांगुली ने इमरान खान की सेहत पर जताई चिंता
Imran Khan Health: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान की गंभीर सेहत पर चिंता जताते हुए उचित चिकित्सा और सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
सौरव गांगुली (फोटो-सोशल मीडिया)
Sourav Ganguly on Imran Khan: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की खराब सेहत की खबरों पर चिंता जताते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा और सम्मान मिलना चाहिए। इससे पहले सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से अच्छे व्यवहार की अपील की है।
मीडिया से बातचीत में गांगुली ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी सेहत में सुधार हो और उन्हें सही इलाज मिले। उन्होंने पाकिस्तान को विश्व मंच पर पहचान दिलाई, पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर। इसलिए मुझे यकीन है कि उनका ध्यान रखा जाना चाहिए और उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।”
पूर्व कप्तानों ने इमरान खान को लेकर क्या कहा?
सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान के बेहतर इलाज और मानवीय व्यवहार की अपील की थी। एक पन्ने के संयुक्त बयान में इन पूर्व कप्तानों ने 1992 विश्व कप विजेता कप्तान के लिए चिकित्सा, कानूनी और मानवीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान 2023 से जेल में हैं और उनकी सेहत को लेकर हाल में गंभीर चिंताएं सामने आई हैं, जिनमें उनकी दृष्टि कमजोर होने की खबरें भी शामिल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
रोहित, सूर्या और हार्दिक के बाद अब अभिषेक शर्मा का धमाका, महज 2 साल में इस खास लिस्ट में हुए शामिल
गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटा द्रविड़ का बेटा… 360 डिग्री बल्लेबाजी ने लूटी महफिल, सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल
पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे पर चला बुलडोजर, भारत ने शहबाज सरकार को लगाई कड़ी फटकार
हम न डरते हैं और न… अफगान मंत्री ने पाकिस्तान को दी खुली धमकी, कहा- हमने बड़ी ताकतों को हराया
पूर्व कप्तानों ने अपने बयान में कहा कि इमरान खान को “योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा” दी जानी चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हिरासत की मानवीय और सम्मानजनक परिस्थितियां सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिनमें परिवार से नियमित मुलाकात की अनुमति भी शामिल हो। हाल में उनकी सेहत, खासकर हिरासत के दौरान दृष्टि में आई गंभीर गिरावट को लेकर आई खबरों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है।
इमरान खान के साथ हो सम्मानजनक व्यवहार
पूर्व कप्तानों ने लिखा, “हम क्रिकेटर होने के नाते निष्पक्ष खेल, सम्मान और गरिमा के मूल्यों को समझते हैं। इमरान खान जैसे कद के व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने 1992 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो कौशल, नेतृत्व और खेल भावना का प्रतीक थी।”
यह भी पढें: T20 World Cup: भारत से हार के बाद कैसी है पाकिस्तान टीम की स्थिति, उस्मान तारिक ने बताया ड्रेसिंग रूम का सच
पूर्व कप्तानों में ग्रेग चैपल, माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गॉवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट भी शामिल हैं। संयुक्त अपील के अंत में कहा गया, “क्रिकेट हमेशा देशों के बीच सेतु का काम करता रहा है। मैदान पर प्रतिस्पर्धा खत्म होने के बाद सम्मान कायम रहता है। हम संबंधित अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे शालीनता और न्याय के सिद्धांतों का पालन करें।”
