आकिब नबी (फोटो-सोशल मीडिया)
Sourav Ganguly On Auqib Nabi: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपने प्रदर्शन से सभी बड़ी टीमों को चौंकाते हुए फाइनल में पहली बार जगह बनाई है। फाइनल मुकाबला कर्नाटक के खिलाफ हुबली में खेला जा रहा है। जम्मू-कश्मीर को फाइनल तक पहुंचाने में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी का असाधारण योगदान रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आकिब नबी के बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ की है और बीसीसीआई से उन्हें भारतीय टीम में जगह देने की मांग की है। आकिब नबी ने पहली पारी में पांच विकेट लेकर इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भी गेंदबाज बन गए हैं। आकिब ने अब तक कुल 60 विकेट लिए हैं।
सौरव गांगुली ने एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर ने दुनिया को दिखाया है कि कोशिश और इरादा क्या कर सकता है। उन्होंने उस इलाके को उन पर गर्व महसूस कराया है। मुश्किल माहौल लोगों को सख्त बनाता है। आकिब नबी देश के रंग में रंगने की राह पर हैं। गर्मियों में इंग्लैंड से शुरुआत करनी चाहिए।” अपनी इस पोस्ट में गांगुली ने बीसीसीआई और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को भी टैग किया है।
J&K has shown the world what effort and intent can do ..They have made that region so proud of them .. tuff environment makes tuff people. Aqib nabi on his way to national colours .. england is the place to start in the summer @bcci @imAagarkar @lonsaikia — Sourav Ganguly (@SGanguly99) February 27, 2026
भारत जुलाई में इंग्लैंड में पांच टी20 और तीन वनडे खेलेगा। यह दौरा 2027 वनडे विश्व कप के लिहाज से अहम है। गांगुली को लगता है कि आकिब को इस दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह दी जानी चाहिए।
आकिब नबी ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 5 विकेट ले चुके नबी ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी टीम के लिए मैच विजयी गेंदबाजी की थी और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। क्वार्टर फाइनल में नबी ने मध्यप्रदेश के खिलाफ 8 और सेमीफाइनल में बंगाल के खिलाफ 9 विकेट लेने के अलावा 42 रन भी बनाए थे।
फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की स्थिति मजबूत है। जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था और शुभम पुंडीर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन और कप्तान पारस डोगरा के 70-70, और अब्दुल समद के 61 रन की बदौलत पहली पारी में 584 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: Ranji Trophy में आकिब नबी ने रचा इतिहास, जम्मू-कश्मीर के लिए ऐसा कारनामा करने वाले पहले गेंदबाज बने
मयंक अग्रवाल के 160 रन की पारी के बावजूद आकिब नबी की घातक गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को पहली पारी में 293 रन पर समेटकर 291 रन की बड़ी बढ़त हासिल की है। आकिब ने 23 ओवर में 54 रन देकर 5 विकेट लिए। अगर मैच ड्रॉ रहता है, तो पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया जाएगा।