T20 World Cup 2026: आर्यांश के अर्धशतकीय पारी से यूएई ने हासिल की पहली जीत, कनाडा को 5 विकेटों से हराया

ICC Men's T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएई ने कनाडा को 5 विकेट से हराकर पहली जीत हासिल की। आर्यांश शर्मा और शोएब खान की शानदार पारियों ने जीत दिलाई।
Canada vs United Arab Emirates, 20th Match
आर्यांश शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Canada vs United Arab Emirates, 20th Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने रोमांच पर पहुंच गया है। इस वर्ल्ड कप के 20वें मुकाबले में यूएई ने कनाडा को 5 विकेट से हराकर पहली जीत हासिल की। इस जीत के साथ यूएई ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं कनाडा अभी तक एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की टीम ने 7 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इस टीम ने 38 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से हर्ष ठाकर ने नवनीत धालीवाल के साथ चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों में 58 रन की साझेदारी की। नवनीत 28 गेंदों में 4 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद हर्ष ने श्रेयस मोव्वा के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 गेंदों में 33 रन जोड़ते हुए टीम को 129 के स्कोर तक पहुंचाया।

हर्ष का अर्धशतक

श्रेयस 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि हर्ष ने 41 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली। कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 11 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इन चार बल्लेबाजों के अलावा, कनाडा का कोई अन्य खिलाड़ी इस पारी में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। विपक्षी खेमे से जुनैद सिद्दीकी ने 4 ओवरों में 35 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि मुहम्मद जवादुल्लाह ने 1 विकेट निकाला।

यूएई की टीम अंतिम ओवर में जीती

इसके जवाब में यूएई की टीम ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम ने 12 के स्कोर पर कप्तान मुहम्मद वसीम (4) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद आर्यांश शर्मा ने अलीशान शराफू (5) के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 29 रन की साझेदारी की। यह टीम 66 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी, जहां से आर्यांश ने शोएब खान के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 गेंदों में 84 रन जोड़ते हुए टीम को 150 के स्कोर तक पहुंचाया।

आर्यांश की धमाकेदार पारी

आर्यांश 53 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शोएब खान ने 29 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से साद बिन जफर ने 14 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि कलीम और जसरकरण सिंह को 1-1 सफलता हाथ लगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com