USA के सैतेजा मुक्कमल्ला ने रचा इतिहास, 20 पारियों में हासिल की बड़ी उपलब्धि; बनाया अनूठा रिकॉर्ड

Saiteja Mukkamalla: सैतेजा मुक्कमल्ला ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 79 रन की दमदार पारी खेलकर इतिहास रचा। अमेरिका ने 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
United States of America vs Netherlands, 21st Match
सैतेजा मुक्कमल्ला (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

United States of America vs Netherlands, 21st Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 21वें मुकाबले में सैतेजा मुक्कमल्ला ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। सैतेजा मुक्कमल्ला ने अर्धशतकीय पारी खेलते ही इतिहास रच दिया। इसी के साथ सैतेजा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से 'नंबर-1' बन गए हैं।

21 वर्षीय सैतेजा मुक्कमल्ला ने अब तक 20 पारियों में 7 बार यह कारनामा किया है। इस मामले में उन्होंने कप्तान मोनांक पटेल की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 39 पारियों में 7 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, एंड्रीज गौस 26 पारियों में 6 अर्धशतकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं, जबकि 29 पारियों में 5 अर्धशतक लगा चुके स्टीवन टेलर लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।

T20I में USA के लिए सबसे ज़्यादा 50-प्लस स्कोर

  • 7 - सैतेजा मुक्कामल्ला (20 इनिंग्स)
  • 7 - मोनंक पटेल (39 इनिंग्स)
  • 6 - एंड्रीज़ गौस (26 इनिंग्स)
  • 5 - स्टीवन टेलर (29 इनिंग्स)

टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर में अमेरिका और स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने छाप छोड़ी है। अमेरिका के एरोन जोन्स ने 2024 में कनाडा के खिलाफ 94* रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद माइकल जोन्स (स्कॉटलैंड) ने 86 रन बनाकर होबार्ट में टीम को मजबूत स्थिति दी। जॉर्ज मुनसे ने 2026 में इटली के खिलाफ 84 रन बनाकर स्कॉटलैंड को फायदा पहुंचाया। अमेरिका के एंड्रीज गौस ने 80* रन और सैतेजा मुक्कामल्ला ने 79 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। ये पारियां एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों के टी20 विश्व कप में चमकते हुए प्रदर्शन को दर्शाती हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे ज़्यादा व्यक्तिगत स्कोर

क्रम खिलाड़ी टीम स्कोर विपक्ष स्थान वर्ष
1 एरोन जोन्स अमेरिका (USA) 94* कनाडा (CAN) ग्रैंड प्रेयरी 2024
2 माइकल जोन्स स्कॉटलैंड (SCOT) 86 आयरलैंड (IRE) होबार्ट 2022
3 जॉर्ज मुनसे स्कॉटलैंड (SCOT) 84 इटली (ITA) कोलकाता 2026
4 एंड्रीज़ गौस अमेरिका (USA) 80* दक्षिण अफ़्रीका (SA) नॉर्थ साउंड 2024
5 सैतेजा मुक्कामल्ला अमेरिका (USA) 79 नीदरलैंड्स (NED) चेन्नई 2026

पहली पारी का हाल

शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए की टीम ने 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। इस टीम को कप्तान मोनांक पटेल और शायन जहांगीर की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.5 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। शायन 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद कप्तान मोनांक ने सैतेजा मुक्कमल्ला के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 55 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था। मोनांक 22 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सैतेजा ने शुभम रंजने के साथ चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 54 रन की साझेदारी की। सैतेजा 51 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 79 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शुभम ने 24 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 48 रन बनाए।

विपक्षी खेमे से बास डी लीडे ने 37 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और फ्रेड क्लासेन ने 1-1 विकेट हासिल किया। ग्रुप-ए में मौजूद यूएसए ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में भारत के खिलाफ 29 रन से हार का सामना किया था, जिसके बाद उसे पाकिस्तान ने 32 रन से हराया।

Navbharat Live
navbharatlive.com