IND vs AUS: मैदान पर दिखा स्मृति मंधाना का जलवा, बल्ले से मचाया हाहाकार, बना डाले 2 बड़े रिकॉर्ड

Smriti Mandhana 5000 Runs: स्मृति मंधाना ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रचा है। अब वह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज़ 5000 रन पूरे करने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
IND vs AUS: मैदान पर दिखा स्मृति मंधाना का जलवा, बल्ले से मचाया हाहाकार, बना डाले 2 बड़े रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

ICC Women's World Cup 2025: भारतीय क्रिकेट की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। महिला वनडे विश्व कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया और अपने वनडे करियर के 5000 रन पूरे कर लिए। इस टूर्नामेंट में अब तक उनका बल्ला कुछ खास नहीं चला था और पिछली तीन पारियों में वे बड़ी पारी नहीं खेल पाई थीं, लेकिन कंगारुओं के खिलाफ उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए 66 गेंदों पर 80 रनों की आतिशी पारी खेली। उनकी इस बल्लेबाजी से टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत मिली।

वनडे क्रिकेट में नया मुकाम हासिल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान जब स्मृति ने अपना स्कोर 58 रनों तक पहुंचाया, तभी उन्होंने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। वह भारत की ओर से वनडे फॉर्मेट में 5000 रन पूरे करने वाली दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई। यह मील का पत्थर उन्होंने अपने 112वें मैच की 112वीं पारी में पूरा किया। मंधाना ने यह मुकाम शानदार निरंतरता, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर हासिल किया है, जिससे उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को एक नई ऊंचाई दी है।

मिताली राज के बाद क्लब में शामिल हुईं मंधाना

भारतीय महिला टीम के लिए अब तक 5000 से ज्यादा रन बनाने वाली केवल एक ही बल्लेबाज मिताली राज थीं। अब स्मृति मंधाना ने उनके साथ इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है। मिताली राज ने अपने लंबे करियर में 232 वनडे मैचों की 211 पारियों में 50.70 की औसत से 7805 रन बनाए थे। उनके नाम 7 शतक और 64 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं स्मृति ने सिर्फ 112 पारियों में 5000 रन पूरे करके इस मुकाम तक पहुंचने की रफ्तार को और तेज कर दिया है।

सबसे तेज़ 5000 रन बनाने वाली बनीं स्मृति

स्मृति मंधाना ने इस मैच में एक और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। वह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केवल 112 पारियों में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की स्टीफेन टेलर के नाम था, जिन्होंने 129 पारियों में 5000 रन बनाए थे। उनके बाद न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स (136 पारियां) और भारत की मिताली राज (144 पारियां) का नाम आता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com