भारतीय क्रिकेट एक अजीब जगह...शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करने पर छलका पूर्व खिलाड़ी का दर्द

Shubman Gill: शुभमन गिल को भारतीय टी20 टीम और उपकप्तानी से बाहर कर दिया गया है, जिससे वह अगला टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे। इस फैसले पर पूर्व टी20 वर्ल्ड चैंपियन रॉबिन उथप्पा ने हैरानी जताई है।
भारतीय क्रिकेट एक अजीब जगह...शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करने पर छलका पूर्व खिलाड़ी का दर्द
शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Robin Uthappa on Shubman Gill: पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम से शुभमन गिल को बाहर किए जाने पर हैरानी जताई है। अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उथप्पा ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि गिल को कम से कम टीम में जगह जरूर मिलेगी।

सबसे खराब हालात में भी टीम में होते गिल- रॉबिन उथप्पा

रॉबिन उथप्पा का मानना है कि भले ही शुभमन गिल को उपकप्तानी से हटाया जाता, लेकिन उन्हें टीम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए था। उथप्पा ने कहा कि “मुझे लगा था कि सबसे खराब स्थिति में गिल वाइस कैप्टन नहीं रहेंगे, लेकिन टीम का हिस्सा जरूर होंगे। शायद प्लेइंग इलेवन में नहीं, लेकिन तीसरे ओपनर के तौर पर उनका चयन तय माना जा सकता था।”

गिल के लिए दिल टूटने वाला फैसला

उथप्पा ने भारतीय क्रिकेट सिस्टम को अजीब बताते हुए कहा कि कई बार चयन को लेकर कोई ठोस अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने कहा कि शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी, जो टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं, उनके साथ ऐसा फैसला दिल तोड़ने वाला है। उथप्पा ने कहा, “ये बेहतरीन टीम है, इसमें कोई शक नहीं। लेकिन कुछ फैसले ऐसे होते हैं, जिनसे खिलाड़ियों और फैंस दोनों का दिल टूटता है।”

सेलेक्टर्स के दो चौंकाने वाले फैसले

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 20 दिसंबर 2025 को किया गया। इस टीम में शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को बाहर रखना सबसे चौंकाने वाला फैसला रहा। गिल को करीब एक साल बाद टी20 टीम में वापस लाया गया था और उन्हें उपकप्तान भी बनाया गया था, लेकिन वह इस मौके का पूरा फायदा नहीं उठा सके।

टी20 में गिल का प्रदर्शन रहा फीका

वापसी के बाद शुभमन गिल ने टी20 इंटरनेशनल में 15 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 24.25 की औसत से 291 रन बनाए। पूरे साल उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला, जो उनके चयन से बाहर होने की बड़ी वजह मानी जा रही है।

संजू सैमसन को फिर मिला ओपनिंग का मौका

गिल की मौजूदगी के कारण संजू सैमसन को पहले ओपनिंग से हटना पड़ा था। लेकिन अब गिल के बाहर होने के बाद संजू सैमसन एक बार फिर अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। सैमसन ने हाल के समय में तीन शतक लगाकर खुद को साबित किया है।

अब आईपीएल पर रहेगा गिल का फोकस

टी20 टीम से बाहर होने के बाद शुभमन गिल का पूरा ध्यान अब आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने पर रहेगा। मजबूत आईपीएल सीजन के जरिए गिल फिर से टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी की कोशिश करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com