

Shoaib Akhtar on Indian Cricket Team: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस बड़े मैच को लेकर दुनियाभर में चर्चा तेज हो गई है। भारतीय टीम जहां लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी, वहीं न्यूजीलैंड भी अपने लंबे इंतजार को खत्म कर आईसीसी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा। फाइनल से पहले क्रिकेट जगत के कई दिग्गज इस मुकाबले को लेकर अपनी-अपनी राय और भविष्यवाणी दे रहे हैं।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी इस महामुकाबले को लेकर चर्चा में हैं। अख्तर अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस फाइनल पर खुलकर टिप्पणी की है। उन्होंने पाकिस्तान के एक शो ‘गेम ऑन है’ में बातचीत के दौरान मैच की परिस्थितियों और संभावित स्कोर को लेकर अपनी राय रखी। अख्तर ने कहा कि "अगर पिच स्पिनरों को मदद देती है तो 175 से 200 रन का स्कोर अच्छा माना जाएगा। लेकिन अगर न्यूजीलैंड 225 या 250 तक पहुंच जाता है तो भारत पर काफी दबाव आ जाएगा। भारत पूरी तैयारी के साथ उतरेगा, लेकिन उन पर 1.5 अरब लोगों का दबाव भी होगा। भारत इस मैच में मजबूत दिख रहा है, लेकिन क्रिकेट के लिहाज से अब समय आ गया है कि न्यूजीलैंड भी कोई बड़ा आईसीसी खिताब जीते।"
अख्तर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा देखने को मिल रही है, क्योंकि उन्होंने भारत की मजबूती को स्वीकार करते हुए भी न्यूजीलैंड के लिए बड़ा मौका बताया है।
शोएब अख्तर के अलावा पाकिस्तान के कई अन्य पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस फाइनल मुकाबले को लेकर अपनी राय दी है। कुछ पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि न्यूजीलैंड के पास इस बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने का अच्छा मौका है। हालांकि भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा और कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम सेफर्ट और ईश सोढ़ी।