T20 World Cup 2026 में न्यूजीलैंड ने जीत के साथ की आगाज, अफगानिस्तान को 5 विकेट से रौंदा
T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ शुरुआत की है। न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर जीत हासिल की। न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफर्ट ने शानदार पारी खेली।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
टिम सीफर्ट (फोटो-सोशल मीडिया)
New Zealand vs Afghanistan, 4th Match: टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड ने अपने सफर का शानदार आगाज किया है। न्यूजीलैंड ने जीत के लिए मिले 183 के लक्ष्य को सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट के अर्धशतक की मदद से 5 विकेट के नुकसान पर 17.5 ओवर में हासिल कर लिया।
एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के लिए गुलबदीन नायब ने 35 गेंद पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 63 रन की पारी खेली थी। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 22 गेंद पर 27, सेदिकुल्लाह अटल ने 24 गेंद पर 29, दरवेस रसूली ने 13 गेंद पर 20, अजमतुल्लाह ने 7 गेंद पर 14 और नबी ने नाबाद 7 गेंद पर 10 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 और मैट हेनरी, जैकब डफी और रवींद्र ने 1-1 विकेट लिए थे।
न्यूजीलैंड की शुरुआत रही खराब
जवाब में 183 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड को पारी के दूसरे ओवर में ही लगातार गेंदों पर मुजीब उर रहमान ने फिन एलेन और रचिन रवींद्र के रूप में दो बड़े झटके दिए थे। रहमान ने दोनों को बोल्ड कर दिया। दो विकेट 14 रन पर गंवाकर न्यूजीलैंड मुश्किल में थी।पारी की शुरुआत करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला।
सम्बंधित ख़बरें
Asian Games 2026: टीम इंडिया में चंडीगढ़ की इस जांबाज खिलाड़ी की एंट्री, भारत को करेगी रिप्रेजेंट!
Nitish Kumar Reddy Injury Update: क्या भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज खेल पाएंगे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी?
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
IND vs ENG 1st T20: आयरलैंड का जख्म भूल इंग्लैंड पर पलटवार करने उतरेगी टीम इंडिया, वैभव सूर्यवंशी पर नजर
सीफर्ट की अर्धशतकीय पारी
फिलिप्स 25 गेंद पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। इस समय कीवी टीम का स्कोर 88 रन था। इसके बाद सीफर्ट ने मार्क चैपमेन के साथ चौथे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। टिम सीफर्ट चौथे विकेट के रूप में 42 गेंद पर 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। सीफर्ट की इस पारी ने ही न्यूजीलैंड की जीत का रास्ता खोला। चैपमेन 17 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। डेरिल मिचेल ने 14 गेंद पर 25 और कप्तान मिशेल सेंटनर ने 8 गेंद पर 17 रन बनाकर टीम का स्कोर 17.5 ओवर में 5 विकेट पर 183 तक पहुंचाकर टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 में सबसे खतरनाक साबित होंगे हेटमायर, वेस्टइंडीज कप्तान शाई होप ने बांधे तारीफों के पुल
अफगानिस्तान के गेंदबाज नहीं छोड़ सके अपना प्रभाव
अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान को छोड़ कोई भी गेंदबाज प्रभावी नजर नहीं आया। रहमान ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए। ओमरजाई ने 3.5 ओवर में 40 रन देकर 1, राशिद खान ने 4 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट लिए। मोहम्मद नबी ने 1 ओवर में 18 रन लुटाकर 1 विकेट लिए।
